बामनवास: ज्योति शिक्षण संस्थान में ऋषभदेव पखवाड़ा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
ऋषभदेव पखवाड़ा के तहत ज्योति शिक्षण संस्थान और वर्धमान कोचिंग सेंटर द्वारा चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया।

बामनवास के पिपलाई स्थित ज्योति शिक्षण संस्थान सीनियर सैकण्डरी स्कूल में आयोजित ऋषभदेव पखवाड़ा चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान अपनी कलाकृतियों के साथ विद्यार्थी और निदेशक अखलेश गुर्जर।
विद्यार्थियों ने उकेरी भगवान ऋषभदेव के जीवन की छटा, चित्रकला और रंगोली में दिखाई अनुपम प्रतिभा
बामनवास। उपखण्ड क्षेत्र के पिपलाई स्थित ज्योति शिक्षण संस्थान सीनियर सैकण्डरी स्कूल और वर्धमान कोचिंग सेन्टर के संयुक्त तत्वाधान में ऋषभदेव पखवाड़े के अंतर्गत विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा का भव्य संगम देखने को मिला। संस्थान के निदेशक अखलेश गुर्जर, कोचिंग निदेशक एकता जैन एवं योग शिक्षक रीना गुर्जर के कुशल निर्देशन में आयोजित इस चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता ने न केवल कलात्मक कौशल को प्रदर्शित किया, बल्कि नई पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों से भी जोड़ा। आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं ने भगवान ऋषभदेव के प्रेरक जीवन चरित्र और उनके आदर्शों को रंगों के माध्यम से जीवंत करते हुए अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का बारीकी से निरीक्षण करते हुए प्रधानाचार्य कृपा गुर्जर ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और कड़ी मेहनत की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के भीतर छिपे हुनर को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी रुचि के विशिष्ट क्षेत्र में पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे भविष्य में अपने कौशल का लोहा मनवा सकें।
कला के इस उत्सव में चित्रकला प्रतियोगिता के अंतर्गत रितिका गौड़, सिमरन नामा, तानिया नामा, अलशिफा बानो, अभय लोदवाल, आदित्य वैष्णव, अमन खांन, असद खांन, सागर महावर, पवन योगी, अजय लोदवाल, कृष्णा गुर्जर, नीलेश कंडेरा, आलिया बानो, आराध्या बैष्णव और खुशबू योगी ने अपनी तूलिका से मनमोहक दृश्य उकेरे। वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में अजय लोदवाल, सूरज गौड़, कृष्णा गुर्जर, सागर महावर, असद खांन, लखन गुर्जर, कृष्णा महावर, सिमरन नामा, रितिका गौड़, आलिया बानो, तानिया नामा, आरती गुर्जर, अलशिफा बानो, गुंजन गौड़, आराध्या वैष्णव, तेजस्वनी सिसोदिया और खुशी योगी ने आकर्षक रंगों से धरातल पर श्रद्धा की आकृति निर्मित कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में शिक्षक गणेश योगी, शिवानी मीणा एवं विद्यालय सहायक सीमा राय का सक्रिय सहयोग रहा। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि क्षेत्र में कला और संस्कृति के प्रति एक नई चेतना का संचार भी कर गया।

