बामनवास विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा के निजी निवास बौली पर रविवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मुलाकात हुई, जिसमें कांग्रेस के जिला महामंत्री हाजी जमील खां अब्बासी का जिलाध्यक्ष ने माला और साफा पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान हाजी जमील खां अब्बासी के साथ अब्बासी समाज के सरपरस्त इमामुद्दीन, सेवानिवृत्त सीटीआई सरफुद्दीन, अब्बासी समाज के नायब सदर निसार अहमद और इस्लाम भाई भी उपस्थित रहे। हाजी जमील खां अब्बासी ने भी जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा को शॉल ओढ़ाकर, फूलमाला पहनाकर और गंगापुर सिटी की प्रसिद्ध मिठाई खीरमोहन भेंट कर सम्मानित किया।

इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा ने वर्तमान राजनीतिक हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में आम जनता मूलभूत सुविधाओं के अभाव में संघर्ष कर रही है, युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और महंगाई अपने चरम पर है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता का यह दायित्व है कि वे जनता की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएं। साथ ही, उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़कर संगठन को धरातल पर मजबूत करने का आह्वान किया। इस बैठक के माध्यम से आगामी दिनों में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर बल दिया गया।

Next Story