बामनवास में मेगा लोक कल्याणकारी शिविर: सरकारी योजनाओं का लाभ, क्षतिपूर्ति चेक और सोलर उपभोक्ताओं को इंडक्शन चूल्हे वितरित
बामनवास में आयोजित मेगा लोक कल्याणकारी शिविर में करीब 60 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। क्षतिपूर्ति चेक, कृषि उपकरण और सोलर उपभोक्ताओं को इंडक्शन चूल्हे भी वितरित किए गए।

बामनवास में आयोजित विधिक सेवा शिविर के दौरान मंच पर एकत्र अधिकारी, समिति के सदस्य और अतिथि।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार विधिक सेवा कार्यक्रमों के संबंध में जारी एसओपी की पालना तथा एक्शन प्लान के तहत तालुका विधिक सेवा समिति बामनवास की ओर से पंचायत समिति परिसर बामनवास में मेगा लोक कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार सेन ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में तहसीलदार बरनाला श्री बृजेश, तहसील बामनवास की ओर से गिरदावर एवं पटवारी गगनदीप, विद्युत विभाग की ओर से श्री जितेंद्र, जलदाय विभाग की ओर से कनिष्ठ अभियंता महेंद्र कुमार मीणा, बाल कल्याण अधिकारिता विभाग की ओर से सुपरवाइजर रेनू, महिला अधिकारिता विभाग की ओर से सुपरवाइजर मनीषा मीणा, पंचायती राज विभाग की ओर से इंचार्ज विकास अधिकारी श्री हेमराज मीणा एईएन, नगर पालिका की ओर से श्री पुष्पेंद्र सिविल इंजीनियर, कृषि विभाग की ओर से कृषि अधिकारी रामराज मीणा, यूनियन बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक, मेडिकल विभाग की ओर से श्री दिनेश कुमार सीएचओ, पैनल अधिवक्ता राम सिंह मीणा तथा अधिकार मित्र हाकिम सिंह गुर्जर एवं भूर सिंह गुर्जर उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। मौके पर करीब 60 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अधिकार मित्रों ने कैनोपी लगाकर आगंतुकों को विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी दी तथा पंपलेट वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार सेन ने शिविर में पूर्ण सहयोग देने वाले सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए शिविर को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
इसी क्रम में तालुका विधिक सेवा समिति, न्यायिक मजिस्ट्रेट बामनवास की अध्यक्षता में आयोजित लोक कल्याणकारी शिविर में उपभोक्ताओं को फेटल एक्सीडेंट क्षतिपूर्ति राशि के चेक वितरित किए गए। प्रधानमंत्री मुक्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं को प्रोत्साहन स्वरूप इंडक्शन चूल्हे भी वितरित किए गए तथा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में कृषि विभाग की ओर से कृषि उपकरणों का वितरण किया गया। पंचायती राज विभाग ने वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लाभ उपलब्ध कराए, मेडिकल विभाग ने निशुल्क दवाओं का वितरण किया, महिला अधिकारिता विभाग ने उड़ान योजना के तहत सेनेटरी पैड वितरित किए, बाल अधिकारिता विभाग ने पोषाहार वितरण किया, समाज कल्याण विभाग की ओर से छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई, नगर पालिका ने पट्टा वितरण तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई। यूनियन बैंक की ओर से केसीसी ऋण स्वीकृत किए गए, जबकि नगर पालिका ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रथम एवं द्वितीय किस्त की राशि के चेक भी लाभार्थियों को वितरित किए। विभिन्न विभागों की सहभागिता से आयोजित यह शिविर आमजन को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का माध्यम बना।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
