बामनवास: विश्व पृथ्वी दिवस पर विधिक साक्षरता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
न्यायिक मजिस्ट्रेट अंशिका दिनकर ने पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के लिए छात्रों को प्रेरित किया।

पीपलाई के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण करतीं तालुका विधिक सेवा समिति अध्यक्ष अंशिका दिनकर एवं अन्य अतिथि।
22 अप्रैल 2026 को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति बामनवास के तत्वाधान में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपलाई में विधिक साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता को केंद्र में रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान अक्षय तृतीय एवं पीपल पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले बाल विवाह की रोकथाम, बढ़ते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व विषयों पर विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई। विद्यालय के बच्चों द्वारा पोस्टर पेंटिंग और साइन बोर्ड के माध्यम से रचनात्मक प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम को प्रभावी बनाया।
अध्यक्ष तालुका समिति एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट बामनवास अंशिका दिनकर ने शिविर में उपस्थित प्रतिभागियों को अधिक से अधिक छायादार पौधे लगाने, पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा गर्मियों में बेजुबान पक्षियों के लिए परिंदे बांधकर पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आवारा एवं पालतू पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील करते हुए साइबर अपराध से संबंधित टोल फ्री नंबर 1930 एवं बाल अपराध से संबंधित टोल फ्री नंबर 1098 की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुसूदन शर्मा, पैनल अधिवक्ता राम सिंह मीणा, अधिकार मित्र लोकेश कुमार बेरवा, भूर सिंह गुर्जर, हाकिम सिंह गुर्जर, वन विभाग के प्रतिनिधि सहायक वनपाल पंकज शर्मा, विद्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में शिविर के माध्यम से नालसा द्वारा संचालित बच्चों के लिए मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं, बाल विवाह रोकथाम हेतु गठित आशा इकाई, स्थापित कंट्रोल रूम तथा अधिकार मित्र एवं पैनल अधिवक्ताओं द्वारा ग्राम पंचायत में भर्ती किए जा रहे सर्वे के संबंध में जानकारी दी गई। द्वितीय चरण में बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे स्थापित कर उन्हें नियमित रूप से जल से भरने का संकल्प लिया गया। तृतीय चरण में वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत नीम, गूलर, अशोक, करंज और जामुन सहित छायादार पौधे लगाए गए। अंतिम चरण में बाल विवाह रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए तालुका अध्यक्ष अंशिका दिनकर द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के अंत में तालुका अध्यक्ष ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रदर्शनी की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण और बाल विवाह रोकथाम जैसे विषयों को जीवन में अपनाने, बेहतर शिक्षा प्राप्त करने, सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों के विरुद्ध न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लेने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और विधिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
