बामनवास। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच जैन श्रमणों (साधु-साध्वियों) के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अल्पसंख्यक मामलात विभाग के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन ने श्रमणों के पैदल विहार और प्रवास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। त्याग और तप की कठिन परंपरा का पालन करने वाले जैन श्रमणों को हीटवेब से बचाने के लिए प्रशासन ने जैन समुदाय के विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा मंडलों और समाज के प्रबुद्धजनों से विशेष सहयोग का आग्रह किया है।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मनोज कुमार मीणा ने स्पष्ट किया कि श्रमणों का नंगे पैर पद विहार, प्रवास और आगामी चातुर्मास के दौरान ठहराव पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें लू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके। विभाग की कार्यक्रम अधिकारी भावना शर्मा ने बताया कि जैन समुदाय के सभी वर्गों से यह निवेदन किया गया है कि वे श्रमणों से अत्यधिक गर्मी यानी दोपहर के समय बाहर नहीं निकलने का आग्रह करें। पद विहार केवल सुबह के समय ही किया जाए और अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही शाम के समय विहार की अनुमति दी जाए।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमले को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। पैदल विहार के दौरान श्रमणों के लिए कमंडल में शुद्ध पेयजल, प्राथमिक उपचार सामग्री, छाया और स्वास्थ्य संबंधी अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। प्रशासनिक आदेश के अनुसार, यदि किसी क्षेत्र में श्रमणों का पैदल पद विहार या प्रवास प्रस्तावित हो, तो उसकी सूचना कम से कम दो कार्य दिवस पूर्व स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी। इससे पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को समय रहते समुचित प्रबंध करने में मदद मिलेगी।

राजस्थान समग्र जैन युवा परिषद् के अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने इस प्रशासनिक पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने जोर दिया कि अल्पसंख्यक मामलात विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस आदेश की अनुपालना के दौरान यह विशेष रूप से सुनिश्चित करना होगा कि श्रमणों की धार्मिक चर्या में किसी भी प्रकार का विघ्न उत्पन्न न हो। सुरक्षा और श्रद्धा का यह समन्वय जैन समाज के लिए अत्यंत सराहनीय है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story