एसआईआर-2025 में बामनवास विधानसभा क्षेत्र बना राजस्थान का अग्रणी, 57.76% प्रपत्र डिजिटाइज किए गए
सवाई माधोपुर के बामनवास विधानसभा क्षेत्र ने एसआईआर-2025 कार्यक्रम में 57.76% मतदाता गणना प्रपत्र डिजिटाइज कर राजस्थान के 200 विधानसभा क्षेत्रों में अग्रणी स्थान हासिल किया। बीएलओ, बीएलए और स्थानीय कर्मियों के सहयोग से यह डिजिटल उपलब्धि संभव हुई, जिससे मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आई।

सवाई माधोपुर, 19 नवम्बर। राजस्थान के 200 विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2025) कार्यक्रम में जिले का बामनवास विधानसभा क्षेत्र प्रमुखता से आगे बढ़ रहा है। बुधवार शाम 6 बजे तक बामनवास में 57.76 प्रतिशत मतदाता गणना प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जबकि कुछ बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने मात्र 15 दिनों में 100 प्रतिशत कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
जिले के कुल 10,54,343 मतदाताओं के गणना प्रपत्र वितरण के बाद ऑनलाइन अपलोड की प्रक्रिया प्रगति पर है। विशेष रूप से मलारना डूंगर तहसील क्षेत्र में 70 प्रतिशत से अधिक प्रपत्र डिजिटाइज किए जा चुके हैं। राजस्थान के अन्य जिलों की तुलना में सवाई माधोपुर जिला एसआईआर प्रक्रिया में अग्रणी स्थान पर है।
इस उपलब्धि में बीएलओ के साथ राजनैतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) का भी योगदान रहा है। उपखंड, तहसील और जिला कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क के माध्यम से मतदाताओं को ऑनलाइन प्रपत्र जमा करने में सहायता प्रदान की गई। नियमित मॉनिटरिंग और दैनिक प्रगति रिपोर्ट के जरिये पीछे रह रहे बीएलओ को प्रोत्साहित कर कार्य को गति दी गई।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रियंका कंडेरा ने बताया कि बीएलओ के साथ सहायक बीएलओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, नरेगा सहायक, पंचायत सहायक और कृषि पर्यवेक्षक ने प्रपत्र वितरण, पुराने विवरण अद्यतन, फोटो चिपकाने और संकलन कार्य में सक्रिय सहयोग किया। सभी कर्मियों को एसआईआर प्रक्रिया और संभावित चुनौतियों व उनके समाधान के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने बामनवास और सवाई माधोपुर के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को बधाई दी और एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने तक इसी गति को बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि गणना प्रपत्र ऑनलाइन जमा कर दूसरों को भी सहायता प्रदान करें, ताकि यह कार्य तेजी और सटीकता के साथ पूरा हो सके।
- बामनवास विधानसभा क्षेत्रSIR-2025 राजस्थानमतदाता गणना प्रपत्र डिजिटाइजसवाई माधोपुर चुनाव डेटाBamanwas Voter List DigitizationRajasthan Election Voter Dataएसआईआर-2025 प्रगति रिपोर्टमलारना डूंगर तहसील मतदाता प्रपत्रRajasthan Digital Election ProcessBLo और BLa योगदानSIR-2025 ऑनलाइन प्रपत्र जमाRajasthan Voter Form Onlineसवाई माधोपुर बीएलओ उपलब्धिBLo Teamwork RajasthanRajasthan Voter Enrollment Digitization

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
