बड़ागांव सरवर: राजकीय विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्र पुरस्कृत
भामाशाह सुवालाल मीणा और डॉ. सुरेश मीणा ने सत्र 2025-26 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और नवचयनित प्राध्यापिका को सम्मानित किया।

स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव सरवर के प्रांगण में सत्र 2025-26 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान हेतु एक भव्य 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में भामाशाह एवं वरिष्ठ अध्यापक श्रीमान सुवालाल जी मीणा तथा डॉक्टर सुरेश कुमार मीणा ने मुख्य अतिथि एवं संरक्षक की भूमिका निभाते हुए मेधावी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 12वीं, 10वीं, 8वीं एवं 5वीं में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं एवं छात्रों— सानिया बानो, खुशबू बेरवा, विकास वर्मा, प्रिया वैष्णव, ज्योति यादव, चायना मीणा एवं कोमल गुर्जर को माल्यार्पण कर, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान गणेश मीणा एवं उपस्थित भामाशाहों ने अपने ओजस्वी संबोधन में बच्चों को जीवन में शिक्षा के वास्तविक महत्व से अवगत कराया और उन्हें निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बड़ागांव सरवर की सुपुत्री सुश्री प्रियंका मीणा का सम्मान रहा, जिनका चयन हाल ही में 'अंग्रेजी प्राध्यापक' के पद पर हुआ है; इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार द्वारा उनका साफा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर विशेष अभिनंदन किया गया।
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय स्टाफ से श्रीमान रामस्वरूप जी वर्मा, श्री प्रीतम जी, मुकेश गुर्जर, शिवराज मीणा, कमलेश कुमार, उमेद सिंह गुर्जर, सुरेश बैरवा, हेमराज दीक्षित, गीता पाटीदार, सुलोचना, सीमा, कनकलता कुर्मी एवं संतरा जी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम के गणमान्य नागरिकों में श्रीमान जुगल किशोर जी मीणा (एसडीएमसी सदस्य), श्रीमान संजय यादव रसूलपुरा, मीठालाल जी मीणा, घनश्याम मीणा, सुखराम मीणा, टीकाराम जी मीणा, फारुख खान एवं श्री नारायण बेरवा सहित अन्य प्रबुद्धजनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया। यह समारोह क्षेत्र में शैक्षणिक चेतना जागृत करने की दिशा में एक अनुकरणीय पहल सिद्ध हुआ।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
