सवाई माधोपुर, 5 अगस्त। उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक जरूरतमंद छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘अज़ीम प्रेमजी स्कॉलरशिप’ के आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को उनके प्रथम स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम की संपूर्ण अवधि तक प्रतिवर्ष 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

यह स्कॉलरशिप राजस्थान सहित 19 राज्यों एवं 2 केंद्रशासित प्रदेशों की पात्र छात्राओं के लिए उपलब्ध है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है और आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।

स्कॉलरशिप के लिए वही छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों किसी पात्र राज्य अथवा केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी स्कूल से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हों। इसके साथ ही उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले किसी मान्यता प्राप्त स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित छात्रा के रूप में प्रवेश लिया हो। यह प्रवेश भारत में कहीं भी स्थित सरकारी अथवा विश्वसनीय एवं प्रामाणिक निजी कॉलेज या विश्वविद्यालय में लिया गया हो सकता है।

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन दो चरणों में स्वीकार किए जाएंगे। पहला चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त, 2026 तक तथा दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी, 2027 तक रहेगा। आवेदन पूर्णतः निःशुल्क होंगे और केवल अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।

आवेदन के दौरान छात्राओं को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, बैंक पासबुक अथवा पिछले एक माह का बैंक स्टेटमेंट, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मूल अंकतालिका तथा प्रवेश के प्रमाण के रूप में बोनाफाइड प्रमाण-पत्र अथवा ट्यूशन फीस की रसीद की स्पष्ट एवं रंगीन सॉफ्ट कॉपी अपलोड करनी होगी।

इच्छुक एवं पात्र छात्राएं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन अथवा स्कॉलरशिप से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए संदर्भ व्यक्ति जीवन से मोबाइल नंबर 9119356502 पर तथा फाउंडेशन की स्कॉलरशिप व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9019960536 पर संपर्क किया जा सकता है। यह स्कॉलरशिप उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक जरूरतमंद छात्राओं को उनकी पढ़ाई की पूरी अवधि के दौरान आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story