सवाई माधोपुर, 3 नवंबर। मौसम में बदलाव के साथ ही मच्छर जनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में एंटी लार्वा और फॉगिंग गतिविधियाँ तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मी फील्ड में उतरकर घर-घर सर्वे कर रहे हैं, मच्छरों के लार्वा को नष्ट कर रहे हैं और आमजन को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रहे हैं।

डॉ. जेमिनी ने बताया कि जिले में डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग और एंटी लार्वा गतिविधियाँ चला रही हैं। सर्वे के दौरान स्वास्थ्य कर्मी घरों, आंगनों और आसपास के इलाकों में जमा पानी की जांच कर रहे हैं, जहां लार्वा मिलने पर तत्काल उसे नष्ट किया जा रहा है। विशेष रूप से कूलर, गमले, टूटे बर्तन, टायर और टंकियों में जमा पानी की सफाई सुनिश्चित की जा रही है ताकि मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि विभाग के प्रयास तभी सफल होंगे जब आमजन भी इसमें भागीदारी निभाएं। नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि हर रविवार को "ड्राई डे" के रूप में मनाएं और घरों में रखे सभी बर्तनों, गमलों, परिंडों, छतों पर रखे टायरों व टंकियों का पानी खाली कर सुखाएं। इससे मच्छरों का लार्वा विकसित होने से पहले ही नष्ट हो जाएगा।

डॉ. जेमिनी ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है तथा दिन के समय काटता है। इसलिए आवश्यक है कि लोग अपने घर और आसपास पानी जमा न होने दें। यदि पानी रखना जरूरी हो तो उसमें मिट्टी का तेल या लार्वा नाशक दवा डालें। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी को तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों में दर्द, उल्टी या दाने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो स्वयं उपचार न करें और झोलाछाप डॉक्टरों से बचें। केवल प्रमाणित चिकित्सक से परामर्श लेकर ही इलाज करवाएं।

सीएमएचओ ने बताया कि फॉगिंग और एंटी लार्वा गतिविधियों के साथ जनजागरूकता भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि वे पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें, खिड़कियों-दरवाजों पर जालियां लगवाएं और साफ-सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

उन्होंने कहा कि “डेंगू पर नियंत्रण तभी संभव है जब प्रशासनिक प्रयासों के साथ जनता भी जागरूक बने। सामुदायिक भागीदारी से ही हम मच्छरों के प्रसार पर अंकुश लगा सकते हैं।”

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story