गंगापुर सिटी में अपना घर सेवा समिति का परिवार मिलन समारोह आयोजित
कार्यक्रम में संस्थापक डॉ. माधुरी भारद्वाज ने संस्था का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज होने की ऐतिहासिक उपलब्धि साझा की।

गंगापुर सिटी के रूकमणि मैरिज गार्डन में आयोजित वार्षिक समारोह के दौरान मंच के सामने खड़े होकर सेवा संकल्प की सामूहिक शपथ लेते अपना घर सेवा समिति की पुरुष एवं महिला इकाई के नवनिर्वाचित सदस्य।
पीड़ित मानवता की निस्वार्थ सेवा के संकल्प और सेवा कार्यों की ऐतिहासिक वैश्विक उपलब्धियों के गौरवमयी उत्सव के बीच 'अपना घर सेवा समिति', गंगापुर सिटी की पुरुष एवं महिला इकाई का संयुक्त परिवार मिलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह भव्यता के साथ संपन्न हुआ। दिनांक 3 जून, 2026 को स्थानीय रूकमणि मैरिज गार्डन में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपना घर संस्था, भरतपुर की संस्थापक परम सम्माननीय डॉ. माधुरी भारद्वाज उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अपना घर भरतपुर हेल्पलाइन के सचिव श्री विनोद खंडेलवाल एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष, भरतपुर श्रीमती प्रभा गुप्ता ने सहभागिता की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सवाई माधोपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री रमेश चन्द पट्टीवाले द्वारा की गई।
इस भव्य समारोह का विधिवत शुभारंभ मंचासीन विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्रपट के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत मंच पर आसीन विशिष्ट अतिथिगण, कार्यक्रम अध्यक्ष, समिति पदाधिकारीगण, कार्यक्रम संयोजक एवं मंच संचालकों का तिलक लगाकर व दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत व परिचय कराया गया। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत करते हुए समिति अध्यक्ष श्री अशोक कुमार बंसल ने समस्त आगत अतिथियों का स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात, समिति की पुरुष इकाई के सचिव श्री अभिषेक रावत एवं महिला इकाई की सचिव श्रीमती आरती शर्मा द्वारा अपनी-अपनी इकाइयों का विस्तृत वार्षिक प्रतिवेदन पढ़कर सुनाया गया, जिसमें वर्षभर की सेवा गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। इसके तुरंत बाद दोनों इकाइयों के सचिवों द्वारा संगठन के नवीन सदस्यों के नामों की घोषणा की गई। इस दौरान पुरुष इकाई के नवीन सदस्यों को कार्यक्रम अध्यक्ष रमेश चन्द पट्टीवाले द्वारा तथा महिला इकाई के नवीन सदस्यों को क्षेत्रीय अध्यक्ष भरतपुर श्रीमती प्रभा गुप्ता द्वारा पद और सेवा की गरिमा बनाए रखने की विधिवत शपथ दिलाई गई।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता व संस्था की संस्थापक डॉ. माधुरी भारद्वाज ने सेवा के मर्म को रेखांकित करते हुए कहा कि पीड़ित मानव की सेवा ही संसार की सबसे बड़ी सेवा है, जिससे असीम आत्म संतुष्टि प्राप्त होती है। उन्होंने भावुक मन से कहा कि ठाकुर जी की मर्जी के बिना सेवा का अवसर किसी को नहीं मिलता, इसलिए जब भी किसी पीड़ित प्रभु स्वरूप इंसान की सेवा करने का मौका मिले, तो उसे छोड़ना नहीं चाहिए क्योंकि यह अवसर बार-बार नहीं मिलते हैं। सेवा का वास्तविक भावार्थ यही है कि हम प्रभुजनों के लिए जो भी कार्य करें, उसे ईश्वर की सेवा मानकर करें और हमारे समस्त क्रियाकलाप ईश्वर को ही समर्पित होने चाहिए। इसी क्रम में डॉ. माधुरी भारद्वाज ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम द्वारा अपना घर आश्रम में 3290 महिला प्रभुजी के आवास, भोजन व्यवस्था एवं रखरखाव के समस्त कड़े मापदंडों को पूर्ण पाए जाने पर संस्था का नाम 'गनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में दर्ज किया गया है। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय कीर्तिमान पर हर्ष जताते हुए कहा कि इस सम्मान के साथ ही हम सभी की जिम्मेदारियां समाज के प्रति और अधिक बढ़ गई हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री विनोद खंडेलवाल ने अपने उद्बोधन में अपना घर आश्रम की विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों से सभी को अवगत कराया। उन्होंने गर्व के साथ इस बात का विशेष उल्लेख किया कि सदस्य संख्या की दृष्टि से तथा बेहद व्यवस्थित रूप से रिकॉर्ड संधारण की दृष्टि से आश्रम द्वारा संचालित देश-प्रदेश की सभी 35 समितियों में 'अपना घर सेवा समिति, गंगापुर सिटी' वर्तमान में अग्रणी स्थान पर चल रही है। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश भी दिया गया, जिसके तहत सेवा भारती की ओर से संचालित निशुल्क बर्तन बैंक से बर्तन लाकर भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जिससे सिंगल यूज प्लास्टिक व कचरे पर पूर्ण नियंत्रण रहा। पूरे समारोह के दौरान मंच संचालन श्री अरविंद खंडेलवाल एवं श्री पंकज मंगलम द्वारा अत्यंत सुव्यवस्थित, ऊर्जावान एवं कुशलता पूर्वक किया गया।
इस विशेष अवसर पर पीड़ित मानवता की सेवा में आर्थिक व सामाजिक संबल प्रदान करने वाले उपस्थित दानवीर भामाशाहों को शाल ओढ़ाकर एवं संस्था का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, कार्यक्रम की कवरेज करने वाले पत्रकार बंधुओं तथा समारोह स्थल रूकमणि मैरिज गार्डन के निदेशक श्रीमती एवं श्री राजेंद्र खारवाल को भी सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनकी सेवाओं की सराहना की गई।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम के संयोजक श्री राकेश कुमार गुप्ता, सह संयोजक श्री सतीश चंद धर्मकांटा, श्री वासुदेव बंसल, श्री गौरव तुलारा, श्री गोविंद मालधनी, श्री शिव नारायण गुप्ता, श्री गिरीश मित्तल, श्री विष्णु एलआईसी (VishnuLIC), श्री नवल किशोर बरिया, श्री बाबूलाल जी वर्मा, श्री गोपाल सरकंडी, श्री अशोक शर्मा कैंटीन, श्री मुकेश माचीवाल, श्री राजेश खंडेलवाल, श्री धर्मेंद्र चौधरी, श्री गिर्राज प्रसाद बड़ी उदेई, श्री हरिचरण जी गुप्ता एवं उनकी समस्त समर्पित टीम के कुशल नेतृत्व व प्रबंधन की सराहनीय भूमिका रही। अंततः, समिति के लगभग 450 सदस्यों ने सपरिवार अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक भव्यता और अद्वितीय सफलता प्रदान की।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
