चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर मच्छर जनित परिस्थितियों को नष्ट करने के लिए घर-घर जाकर लार्वा की जांच करेगी डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स टीम।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार जुलाई माह को एंटी डेंगू माह के रूप में मनाया जाएगा। पूरे माह डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जनजागरूकता, स्रोत नष्ट करने तथा सामुदायिक सहभागिता पर आधारित विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। मानसून के दौरान डेंगू के मामलों में संभावित वृद्धि को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के समन्वय से डेंगू की रोकथाम के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित करेगा। आमजन को ‘चेक, क्लीन एंड कवर’ (जांच करें, सफाई करें और ढककर रखें) का संदेश देकर घरों और आसपास मच्छरों के पनपने वाले स्रोतों को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) घर-घर जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच करेंगे तथा जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विद्यालयों में निबंध, चित्रकला, पोस्टर और जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा स्थानीय माध्यमों के जरिए भी डेंगू से बचाव संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिले में रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सतर्क रखा गया है तथा आवश्यक जांच, दवाइयों और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने दें, कूलर, टंकियों, गमलों तथा अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें और उन्हें ढककर रखें। साथ ही विभागीय गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देकर एंटी डेंगू माह अभियान को सफल बनाएं।

डेंगू की रोकथाम के लिए जनभागीदारी पर आधारित यह विशेष अभियान पूरे जुलाई माह जिलेभर में संचालित होगा, जिसका उद्देश्य मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को समाप्त कर संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करना और आमजन को समय रहते बचाव के प्रति जागरूक बनाना है.

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story