गौवंश को लू और हीट स्ट्रोक से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने जारी की एडवाईजरी
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने गौशाला संचालकों को 24 घंटे ठंडे पानी, छाया और आहार संतुलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच गौवंश को लू-तापघात और हीट स्ट्रोक के खतरे से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने विस्तृत एडवाईजरी जारी की है। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने समस्त गौशाला संचालकों को निर्देश दिए हैं कि गौवंश के संरक्षण के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि ग्रीष्म ऋतु में बाहरी वातावरण का तापमान अत्यधिक बढ़ जाने पर पशुओं को लंबे समय तक गर्म वातावरण अथवा गर्म हवा के झोंकों के संपर्क में रहने से लू लगने का खतरा रहता है, जिसे हीट स्ट्रोक या सन स्ट्रोक कहा जाता है। ऐसी स्थिति गौवंश के स्वास्थ्य के लिए गंभीर साबित हो सकती है।
एडवाईजरी में निर्देश दिए गए हैं कि गौवंश के लिए 24 घंटे स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। गौशालाओं में पर्याप्त छाया की व्यवस्था रहे तथा शेड को गर्म हवाओं के प्रकोप से बचाने के लिए तिरपाल, टाट अथवा बोरों से ढका जाए। साथ ही टाट पर नियमित अंतराल में पानी का छिड़काव करने की सलाह दी गई है, ताकि बाहर से आने वाली हवा में ठंडक बनी रहे। यथासंभव पंखे और कूलर का उपयोग करने तथा गौवंश को सीधे धूप में नहीं रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पशुपालन विभाग ने गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा, भूसा, पानी और पशु आहार की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया है। आहार संतुलन बनाए रखने के लिए अजोला घास के उपयोग की सलाह दी गई है। इसके साथ ही पशुओं के आहार में गेहूं का चौकर और जौ की मात्रा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
बीमार और अशक्त गौवंश के उपचार के लिए संबंधित पशु चिकित्सा कार्मिकों की निगरानी में चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं मृत गौवंश के शवों का वैज्ञानिक विधि और सम्मानजनक तरीके से शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि गर्मी के कारण पुट्रिफिकेशन यानी विघटन की स्थिति उत्पन्न न हो और संक्रमण एवं बीमारी फैलने का खतरा टाला जा सके।
भीषण गर्मी के दौर में जारी यह एडवाईजरी गौवंश संरक्षण और गौशालाओं में पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
