आंगनबाड़ी केंद्रों का समय बदला: भीषण गर्मी के कारण नया टाइम टेबल जारी
जिला कलक्टर काना राम ने हीटवेव के चलते आंगनबाड़ी संचालन का समय सुबह 7 से 11 बजे तक निर्धारित किया है।

भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बच्चों और महिलाओं को बचाने के लिए जिला प्रशासन ने 15 मई तक केंद्रों के समय में बदलाव किया है।
जिले में बढ़ती भीषण गर्मी और अत्याधिक हीट वेव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। जिला कलक्टर काना राम ने आदेश जारी कर 29 अप्रैल से 15 मई तक जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों के संचालन समय में बदलाव करते हुए इसे प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया है।
जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय बच्चों, महिलाओं और कार्यकर्ताओं को गर्मी के दुष्प्रभाव से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। जिला कलक्टर काना राम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मानदेयकर्मी निर्धारित समय में नियमित रूप से उपस्थित रहें और केन्द्रों के संचालन से संबंधित सभी गतिविधियों को यथावत रूप से संपादित करें।
प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है कि समय परिवर्तन के बावजूद सेवाओं की गुणवत्ता और निरंतरता प्रभावित न हो। आदेश के तहत सभी संबंधित विभागों और कर्मचारियों को सख्ती से दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
भीषण गर्मी के बीच यह निर्णय न केवल बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आंगनबाड़ी सेवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने का भी प्रयास है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
