सवाई माधोपुर, 14 अप्रैल। भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वां जयंती समारोह मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित अम्बेडकर सर्किल पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर काना राम, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, बामनवास विधायक इंदिरा मीणा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि तथा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं शपथ ग्रहण

इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने अम्बेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर बाबा साहेब का स्मरण किया और भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को संविधान के प्रति निष्ठा एवं कर्तव्य पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि "डॉ. अम्बेडकर द्वारा निर्मित संविधान देश की एकता, समानता एवं न्याय की आधारशिला है तथा उनके विचार आज भी समाज को समरसता एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं।" उन्होंने सभी से बाबा साहेब के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एवं महत्वपूर्ण घोषणाएं

इसके उपरांत जिला परिषद सभागार में जयपुर स्थित भवानी निकेतन परिसर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें उपस्थित अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा राजकीय अम्बेडकर अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास बामनवास के भवन सहित 17 नए छात्रावासों का शिलान्यास एवं 10 नए छात्रावासों का लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 80 लाख पेंशनभोगियों और 5.54 लाख पालनहार लाभार्थियों के खातों में कुल 1,363 करोड़ रुपए की सहायता राशि का डीबीटी के माध्यम से सीधा हस्तांतरण किया।

शिक्षा और सामाजिक न्याय हेतु नए प्रकल्प

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए 200 अंबेडकर ई-लाइब्रेरी और जयपुर में अंबेडकर आवासीय कोचिंग केंद्र की स्थापना की घोषणा की गई। इस राज्य स्तरीय समारोह में मेधावी छात्रों, शिक्षकों और सामाजिक क्षेत्र की उत्कृष्ट विभूतियों को सम्मानित भी किया गया। उप निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में जिलेभर के शिक्षण संस्थानों एवं विभागीय छात्रावासों में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों को संविधान, समानता एवं सामाजिक न्याय के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में गणमान्य जनों की उपस्थिति

आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, उपखण्ड अधिकारी गौरव मित्तल, अधीक्षण अभियंता बी.एस. मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story