सवाई माधोपुर, 3 नवंबर।

जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण भाव से निर्वहन करने के निर्देश दिए। आवश्यक सेवाओं — बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा सहित सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रणथम्भौर रोड सहित बरसात से क्षतिग्रस्त हुई सभी सड़कों का पेचवर्क कार्य 15 नवंबर से पूर्व पूर्ण कर यातायात को सुगम बनाया जाए। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरि सिंह मीणा को एसडीआरएफ के तहत चल रहे कार्यों की सूची उपखण्ड अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता अरुण शर्मा को बीसलपुर, ईसरदा व कोटा बैराज बांध से पानी छोड़े जाने से पूर्व कन्ट्रोल रूम को अवगत करवाने और जल निकासी के दौरान सड़कों पर सुरक्षा अवरोधक लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

कलक्टर काना राम ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को हैण्डपम्पों पर संबंधित विभाग का नाम कलर-पेन्ट से अंकित करवाने तथा खराब हैण्डपम्पों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत खोदी गई सड़कों की स्थिति तथा अंतिम छोर तक जलापूर्ति की रिपोर्ट कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए अधीक्षण अभियंता बी.एल. मीणा को निर्देशित किया।

बैठक में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त ग्राम योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। चिकित्सा विभाग से संबंधित समीक्षा में कलक्टर ने गत वर्ष की ओपीडी/आईपीडी रिपोर्ट के आधार पर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों की रोकथाम हेतु पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा गतिविधियों और जनजागरूकता अभियानों को सघन करने पर जोर दिया। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक्स-रे जांच की संख्या बढ़ाने के लिए सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीणा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कृषि विभाग को उर्वरक, खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं शिक्षा विभाग को राजकीय विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत कार्यों की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए गए।

कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन दो घंटे जनसुनवाई करें तथा प्राप्त शिकायतों को सम्पर्क पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, जिला रसद अधिकारी रामभजन, उपनिदेशक आईसीडीएस प्रियंका शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन: साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलक्टर काना राम।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story