सवाई माधोपुर, 2 दिसंबर। प्रदेश के कृषि मंत्री और स्थानीय विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने मंगलवार तड़के शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जन सुविधाओं की जमीनी स्थिति का गहन निरीक्षण किया। जिला कलक्टर काना राम, नगर परिषद सभापति सुनील तिलकर और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किए गए इस दौरे में उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सड़कों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की वास्तविक हालत का आकलन करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान डॉ. मीना ने कई स्थानों पर मौजूद अतिक्रमण की समस्या का संज्ञान लेते हुए नगर परिषद को इसे प्राथमिकता के साथ हटाने तथा सब्जी मंडी की अव्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक वार्ड में सफाई तंत्र सक्रिय व जवाबदेह होना चाहिए।

कृषि मंत्री ने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को पाइप लाइनों में लीकेज रोकने, जल आपूर्ति को नियमित व सुचारू बनाने तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी पर तत्काल रोक लगाने के आदेश दिए।

उन्होंने हाल ही में स्वीकृत नई सड़कों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगर परिषद को समयबद्ध और गुणवत्ता-युक्त निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। डॉ. मीना ने जिला कलक्टर को सभी विभागीय कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने और विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता बी.एल. मीणा, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता भगवान सहाय मीणा, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story