सवाईमाधोपुर, 3 दिसंबर। कृषि मंत्री व स्थानीय विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने नगर परिषद बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि विकास का जज्बा कर्तव्य की दिशा में निरंतर अग्रसर है। बैठक के दौरान उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में एकल खिड़की केंद्र का उद्घाटन भी किया, जिससे जनता को प्रशासनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी।

बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की अस्तव्यस्त सड़कों को दुरुस्त करने, अनाधिकृत अतिक्रमण हटाने और डिवाइडर हटाकर मार्ग सुधारने के लिए आवश्यक राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, परिषद कार्यालय के मल्टी-स्टोरी भवन निर्माण, आवासीय क्वार्टरों के पुनर्निर्माण तथा कारकस व प्लांट, निराश्रित पशु और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए भी व्यापक उपायों पर चर्चा की गई। मृत पशुओं के निस्तारण, कारकस प्लांट, कुत्तों के पकड़ने व उपचार की व्यवस्था और नंदी गोशाला हेतु भूमि उपलब्ध कराने के मुद्दों पर भी बोर्ड ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए। सभापति ने बताया कि भडेरडा में चार करोड़ रुपए की लागत से कारकस प्लांट स्थापित किया जाएगा।

बैठक में रणथंभौर आने वाले पर्यटकों से नगर परिषद द्वारा टेक्स वसूली का प्रस्ताव भी पारित किया गया। निर्णय के अनुसार, देशी पर्यटकों से 100 रुपए और विदेशी पर्यटकों से 200 रुपए प्रति व्यक्ति टेक्स वसूला जाएगा। इसके अतिरिक्त, राजस्व बढ़ाने के लिए मुख्य चौराहों पर एलईडी बोर्ड लगाकर विज्ञापन से आय बढ़ाने और 250 वर्ग मीटर से बड़े भूखंडों पर अतिरिक्त टेक्स वसूलने के सुझाव पर भी बोर्ड ने सहमति जताई।

यह बैठक क्षेत्रीय विकास, नगर परिषद के प्रशासनिक सुधार और पर्यावरण व पशुपालन के समन्वित प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। डॉ. किरोड़ी लाल मीना की सक्रियता और प्रशासनिक दृष्टिकोण से जिले में विकास की गति और पारदर्शिता दोनों ही बढ़ने की उम्मीद है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story