कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई: सवाई माधोपुर में उर्वरक विक्रेताओं के अनुज्ञापत्र निलंबित, नियंत्रण कक्ष सक्रिय
सवाई माधोपुर में कृषि विभाग ने उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, कई प्रतिष्ठानों के अनुज्ञापत्र निलंबित किए और कारण बताओ नोटिस जारी किए। जिले में यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति के बीच नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर किसानों को गुणवत्ता और नियम पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया गया।

सवाई माधोपुर। जिले में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक समय पर उपलब्ध कराने और यूरिया डाइवर्जन को रोकने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिलेभर में खाद-बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विक्रेताओं द्वारा निर्धारित दर सूची न दिखाने, स्टॉक रजिस्टर एवं विक्रय-बिल में गड़बड़ी, वास्तविक स्टॉक और पोस मशीन रिकॉर्ड में अंतर तथा यूरिया अधिक मूल्य पर बेचने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
इन अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने मैसर्स हिमांशु ट्रेडिंग कंपनी (खिरनी), मैसर्स महेश ट्रेडर्स (खिरनी), मैसर्स अमान खाद बीज भंडार (मलारना डूंगर), मैसर्स सैनी खाद बीज भंडार (सवाई माधोपुर) सहित कई प्रतिष्ठानों के खुदरा उर्वरक अनुज्ञापत्र अग्रिम आदेश तक निलंबित कर दिए। वहीं, मैसर्स गौरव एंटरप्राइजेज (बौंली), मैसर्स सृष्टि खाद बीज भंडार (सवाई माधोपुर), मैसर्स प्रजापति खेतीबाड़ी केन्द्र (शिशोलाव), मैसर्स जे.के. एंटरप्राइजेज (गूगड़ोद) एवं मैसर्स आरके एंटरप्राइजेज (बागडोली) को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। अतिरिक्त मूल्य पर यूरिया बेचने के मामले में मैसर्स सत साहेब खाद बीज भंडार (बौंली) और मैसर्स श्रीनाथ खाद बीज भंडार (बौंली) के अनुज्ञापत्र भी निलंबित किए गए।
निरीक्षण दल में अतिरिक्त निदेशक कृषि (भरतपुर) श्री देशराज सिंह, कृषि आयुक्तालय जयपुर से उपनिदेशक कृषि (गुण नियंत्रण) डॉ. प्रेमचन्द्र वर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि सवाई माधोपुर श्री राकेश कुमार अटल, उपनिदेशक कृषि डॉ. हब्बल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण और कार्रवाई की यह प्रक्रिया आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।
संयुक्त निदेशक कृषि सवाई माधोपुर ने बताया कि जिले में अब तक 14,700 मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति हो चुकी है और किसानों की मांग के अनुसार निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। अतिरिक्त निदेशक कृषि भरतपुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उर्वरक विक्रय व्यवस्था की सतत निगरानी करें और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्रवाई जारी रखें।
किसानों से अपील करते हुए विभाग ने कहा कि जिले में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और वे आवश्यकता अनुसार ही खरीद करें। उर्वरक वितरण और यूरिया डाइवर्जन की शिकायतों के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय किया गया है, जिसमें ओम प्रकाश मीणा और दिव्या मीना को क्रमशः प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। किसान इस नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
- सवाई माधोपुर कृषि विभागFertilizer license suspensionउर्वरक विक्रेता निरीक्षणUrea distribution monitoringहिमांशु ट्रेडिंग कंपनीमहेश ट्रेडर्सखाद-बीज भंडारFertilizer regulation Rajasthanकृषि अनुज्ञापत्र निलंबनFarmers fertilizer supplyकृषि नियंत्रण कक्षUrea price violationDepartment action on fertilizerSawaimadhopur urea availabilityFertilizer inspection Rajasthan

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
