गंगापुर सिटी। अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए शनिवार को मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिल्ली जितेंद्र मीणा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता का मूल मंत्र निरंतर अध्ययन करना है।

जितेंद्र मीणा ने कहा कि स्नातक पाठ्यक्रम का अर्थ ज्ञान की गंगा में स्नान करना है। महाविद्यालय से निकलने का समय मानव सभ्यता का सबसे स्वर्णिम दौर होता है, जब युवा देश के लिए कुछ करने के लिए तैयार होते हैं। इसके लिए निरंतर सीखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा, जब युवा वर्ग मोबाइल, स्क्रीन और रील आदि भौतिक साधनों को अपनी दिनचर्या में शामिल नहीं करेगा।

उन्होंने छात्राओं से सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने, सीखने, आगे बढ़ने और जीवन का आनंद लेने की बात कही। विद्यार्थी जीवन में श्रीमद्भगवद्गीता के प्रसिद्ध श्लोक "कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन" का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारा अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फल पर कभी नहीं। सफलता या असफलता की चिंता से ऊपर उठकर अपना श्रेष्ठ प्रयास करना ही विद्यार्थियों का श्रेष्ठ कर्म और धर्म है।

राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी के अतिथि प्राचार्य प्रो. रामकेश मीना ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि महाविद्यालय में शिक्षा के लिए प्रवेश लिया है तो प्रथम कर्तव्य लक्ष्य निर्धारित कर श्रेष्ठ शिक्षा प्राप्त करना और अपने जीवन का उन्नत मार्ग प्रशस्त करना है।

अग्रवाल शिक्षण संस्थान के महामंत्री एवं अकाउंटेंट गिर्राज प्रसाद गुप्ता ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी छात्राएं अपने गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलें, निश्चित ही उनकी मंजिल उनके पास होगी। उन्होंने कहा कि संघर्ष की हमेशा जीत होती है। असंभव कुछ भी नहीं है, जरूरत केवल सकारात्मक सोच के साथ शुरुआत करने की है।

अग्रवाल कन्या महाविद्यालय के सचिव बाबूलाल गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल शिक्षण संस्थान सदैव छात्राओं को श्रेष्ठ शिक्षा देने के लिए प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यहां की छात्राओं का भारतीय एवं राज्य प्रशासनिक सेवाओं में चयन हुआ है। छात्राएं भी श्रेष्ठ शिक्षा प्राप्त कर सफलता हासिल करें, लेकिन इसके लिए सफलता प्राप्त करने की जिद बनानी होगी।

महाविद्यालय प्रवक्ता प्रो. संतोष मंगल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उद्बोधन एवं अतिथि परिचय प्रस्तुत किया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बी. एस. गुर्जर ने सभी आगंतुक अतिथियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय के प्रवक्ता धर्मवीर मीणा, अग्रवाल शिक्षण संस्थान के निर्माण संयोजक ओमप्रकाश गुप्ता पीएनबी, कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार गोयंका, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।

Updated On
Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story