6 माह का सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे अग्निवीर भगवान सिंह, बेरखंडी में हुआ भव्य स्वागत
नासिक के आर्टिलरी सेंटर से छह माह का सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे अग्निवीर भगवान सिंह खारवाल का बेरखंडी में भव्य स्वागत हुआ। देशभक्ति के नारों और सम्मान समारोह के बीच यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी।

सवाई माधोपुर के ग्राम बेरखंडी में सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर लौटे अग्निवीर भगवान सिंह खारवाल (दाएं से चौथे, सेना की वर्दी में) का स्वागत करते ग्रामीण, परिजन और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक।
भारतीय सेना में चयनित अग्निवीर भगवान सिंह खारवाल के छह माह के सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर गांव लौटने पर ग्राम बेरखंडी में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। महाराष्ट्र के नासिक स्थित आर्टिलरी सेंटर से प्रशिक्षण पूरा कर लौटे भगवान सिंह का ग्रामीणों, परिजनों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भव्य स्वागत किया।
गांव में प्रवेश करते ही भगवान सिंह का साफा पहनाकर और फूल-मालाओं से सम्मान किया गया। इस दौरान पूरे गांव में देशभक्ति का वातावरण छाया रहा। स्वागत समारोह में श्री श्याम डिफेंस एकेडमी, गंगापुर सिटी के संचालक दिलीप सिंह खटाना, जयपुर के उद्योगपति कमलेश रावत, ऑप्टिक्स रणथम्भौर सवाई माधोपुर के निदेशक अमित खंडेलवाल तथा बढ़ाया इंडस्ट्रीज (सरसा ब्रांड तेल) टोंक के निदेशक राजेश बढ़ाया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान सिंह का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा परिवारजनों को बधाई दी।
इस अवसर पर भगवान सिंह के साथ सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे अग्निवीर रजनेश गुर्जर, पुष्पेंद्र गुर्जर और रामराज खारवाल का भी साफा एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की, जिससे पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने "भारत माता की जय" तथा "इंडियन आर्मी जिंदाबाद" के गगनभेदी नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान सिंह की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे अधिक से अधिक युवाओं को सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि भगवान सिंह खारवाल ग्राम बेरखंडी निवासी रमेश खारवाल के चार पुत्रों में सबसे छोटे हैं। छह माह का सैन्य प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अब वे आगामी जुलाई माह से मेरठ में अपनी सेवाएं प्रारंभ करेंगे। भगवान सिंह की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
