अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (एडीपीसी) दिनेश कुमार गुप्ता ने गंगापुर सिटी ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर प्रवेश प्रक्रिया, नामांकन वृद्धि और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगापुर सिटी में आयोजित स्टाफ बैठक में एडीपीसी ने प्रवेश कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। नामांकन लक्ष्य की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और कार्यवाहक प्रधानाचार्य तथा प्रवेश प्रभारी को प्रभावी रणनीति बनाकर अधिकतम नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। यहां एडीपीसी ने बालिकाओं की नियमित उपस्थिति और नामांकन वृद्धि पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में जनसहभागिता के माध्यम से विद्यालय विकास और कक्षा 11-12 में नामांकन बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि विभाग का लक्ष्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करना भी है। उनका यह निरीक्षण गंगापुर सिटी ब्लॉक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नामांकन वृद्धि के लिए प्रशासनिक सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story