एडीजी विपिन कुमार पांडेय ने सवाई माधोपुर में जनसुनवाई कर किया थाने का निरीक्षण
पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के निस्तारण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं।

सवाई माधोपुर के आलनपुर कोतवाली थाने में जनसुनवाई के दौरान परिवादियों की समस्याएं सुनते एडीजी विपिन कुमार पांडेय, साथ में एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी व अन्य अधिकारी।
विपिन कुमार पांडेय ने अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय स्थित आलनपुर कोतवाली थाना का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, लंबित मामलों और आमजन की शिकायतों की गहन समीक्षा की। कोतवाली पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी पांडेय ने थाने की बैरक, अनुसंधान कक्ष, मैस, मालखाना और कंप्यूटर कक्ष का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने लंबित मुकदमों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मामलों के शीघ्र और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून के दायरे में आने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए तथा जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
इस दौरान ज्येष्ठा मैत्रेयी, विजय सिंह मीणा, उदय सिंह मीणा सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद एडीजी विपिन कुमार पांडेय ने कोतवाली थाने में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में जिले के गणमान्य नागरिक, सुरक्षा सखियां, पुलिस मित्र, सीएलजी सदस्य और विभिन्न परिवादी शामिल हुए। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं और शिकायतों से पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया।
एडीजी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ समाधान करना भी है।
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में करीब दस परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें कुछ अनुसंधान से जुड़े थे तो कुछ नए मुकदमे दर्ज कराने से संबंधित थे। जिन मामलों में एफआईआर दर्ज किया जाना आवश्यक था, उनमें तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। वहीं अनुसंधान से जुड़े मामलों की सूची पुलिस अधीक्षक और पुलिस मुख्यालय को भेजी जा रही है।
एडीजी पांडेय ने कहा कि इस प्रकार की जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याएं समय पर पुलिस तक पहुंचे और उनका प्रभावी समाधान हो सके।
उल्लेखनीय है कि जिले में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी द्वारा लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। एडीजी विपिन कुमार पांडेय का यह दौरा इन प्रयासों को और अधिक मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
