सवाईमाधोपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ा और सख्त निर्णय लिया गया है। विभाग के चेयरमैन एम.डी. चोपदार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की गई है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय चेयरपर्सन एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की स्वीकृति के पश्चात कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अब्दुल खल्लाक को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अब्दुल खल्लाक की गतिविधियां कांग्रेस पार्टी एवं अल्पसंख्यक विभाग के हितों के अनुरूप नहीं पाई गईं, जिसके चलते यह अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई गई। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन में अनुशासन बनाए रखने तथा सभी सदस्यों को संगठनात्मक सिद्धांतों एवं मूल्यों के अनुरूप कार्य करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

विभाग के चेयरमैन एम.डी. चोपदार ने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग संगठन की मर्यादा, अनुशासन और कांग्रेस विचारधारा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में सभी पदाधिकारियों से संगठनात्मक मूल्यों के अनुरूप कार्य करने की अपेक्षा की जाती है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस आदेश की प्रतिलिपि राष्ट्रीय चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को प्रेषित की गई है।

यह निर्णय संगठनात्मक अनुशासन और पार्टी की कार्यशैली को लेकर कांग्रेस के भीतर सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे विभागीय स्तर पर जवाबदेही और अनुशासन की नीति को और अधिक मजबूती मिलने की संभावना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story