जिला मुख्यालय स्थित आटून कला के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में ऑपरेशन गरिमा के तहत छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को सजग करने पर विशेष जोर दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामजीलाल जाट ने बताया कि मंगलवार को आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करना और उन्हें ऑनलाइन खतरों से बचाव के उपायों से अवगत कराना था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों में भी वृद्धि हो रही है, ऐसे में विद्यार्थियों को सतर्क और जागरूक बनाना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यशाला में एएसआई स्तर के अधिकारी श्री कैलाश कुमार शर्मा ने साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ओटीपी फ्रॉड तथा संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही उन्होंने आपातकालीन सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 1090 तथा अन्य संबंधित सेवाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को प्रदान की।

उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों को आगाह किया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। कार्यशाला के दौरान डिजिटल सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए, जिससे छात्र-छात्राएं वास्तविक परिस्थितियों में सावधानी बरत सकें।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राम जी लाल जाट ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियां वर्तमान समय की आवश्यकता हैं और इससे विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ेगी। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story