गंगापुर सिटी, 5 नवंबर। चिकित्सा जगत में मानवीय संवेदनाओं और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए जयपुर रोड स्थित सीपी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉक्टरों और ब्लड बैंक टीम ने एक महिला मरीज को मौत के मुंह से बाहर निकाल कर नया जीवन प्रदान किया। गंभीर परिस्थितियों में भर्ती हुई मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुकी है।

छोटी उदेई गांव निवासी सर्वोदरा देवी (उम्र 55 वर्ष) को अत्यंत गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। फिजिशियन डॉ. देशराज मीणा ने बताया कि मरीज का हीमोग्लोबिन मात्र 1.2, ऑक्सीजन सैचुरेशन 70%, ब्लड प्रेशर 74/38 और प्लेटलेट काउंट 7000 था — जो जीवन के लिए बेहद खतरनाक स्तर था। मरीज को तुरंत आईसीयू में भर्ती कर मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत चार दिनों तक लगातार इलाज दिया गया।

इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने हर पल स्थिति पर नज़र रखी और ब्लड बैंक की सहायता से आवश्यक मात्रा में रक्त उपलब्ध कराया गया। ब्लड बैंक इंचार्ज सचिन शर्मा और उनकी टीम ने आपात स्थिति में तत्परता से रक्त की आपूर्ति सुनिश्चित की, जिससे मरीज की जान बचाई जा सकी। लगातार उपचार और डॉक्टरों की कड़ी निगरानी के बाद सर्वोदरा देवी की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ और अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।

मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और ब्लड बैंक टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “सीपी हॉस्पिटल के डॉक्टर्स और स्टाफ ने हमारे परिजन को दूसरा जीवन दिया है। हम सभी उनका जीवनभर धन्यवाद करेंगे।”

इस सफल उपचार में फिजिशियन डॉ. देशराज मीणा, जनरल सर्जन डॉ. सचिन सिंह, ब्लड बैंक इंचार्ज सचिन शर्मा, इमरजेंसी टीम के देवेंद्र शर्मा, प्रकाश बैरवा, नरेंद्र मीणा, नर्सिंग सुपरीटेंडेंट मिथिलेश बैरवा सहित चेतराम, पवन शर्मा, वामिश आदि मेडिकल स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्तमान में सीपी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में इमरजेंसी ट्रॉमा, हाइपरटेंशन, फूड प्वॉइजनिंग, पैरालिसिस और स्नेक बाइट जैसे गंभीर मामलों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें, क्योंकि समय पर उपचार ही जीवन बचाने की सबसे बड़ी कुंजी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story