आस्ट्रोली/गाँवड़ी कला। राष्ट्र चेतना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के संकल्प के साथ गाँवड़ी कला मंडल के आस्ट्रोली गांव में आगामी 25 जनवरी को एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिलेगा। देव शिक्षण संस्थान के खेल प्रांगण में सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में एक विशाल 'हिंदू सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम को लेकर समूचे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण है। सम्मेलन की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गांव के मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें आयोजन समिति का गठन कर विभिन्न व्यवस्थाओं पर गहन मंथन किया गया।

इस भव्य आयोजन की भूमिका के रूप में 18 जनवरी को एक विशाल 'भगवा साइकिल यात्रा' निकाली जाएगी, जिसका उद्देश्य जन-जन को इस वैचारिक कुंभ से जोड़ना है। बैठक के दौरान उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम के आधिकारिक बैनर का विमोचन भी किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह खंड कार्यवाह हर्षित शुक्ला ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष में राष्ट्रभक्ति की भावना को हर घर तक ले जाने के ध्येय पर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस माह देशभर के हर मंडल पर ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं ताकि भारत को परम वैभव पर पहुँचाने का संकल्प सिद्ध हो सके। इसी कड़ी में पिछले माह व्यापक स्तर पर गृह संपर्क अभियान भी चलाया गया था।

25 जनवरी को आयोजित होने वाले इस समागम में केवल आस्ट्रोली ही नहीं, बल्कि गाँवड़ी, ब्रह्मवाद, सहजपुर, सोनपुर और आसपास के दर्जनों गांवों से सर्व समाज के हजारों लोगों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस सम्मेलन का मुख्य केंद्र बिंदु संघ द्वारा प्रतिपादित 'पंच परिवर्तन' के सिद्धांतों को समाज के आचरण में उतारने का सामूहिक संकल्प होगा। यह आयोजन केवल एक सभा न होकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय अखंडता का एक जीवंत उदाहरण बनने जा रहा है।

तैयारी बैठक में संगठन और समाज की एकजुटता देखते ही बनी। इस अवसर पर संघ के खंड संपर्क प्रमुख नितिन जोशी, खंड विस्तारक शेरसिंह के साथ आयोजन समिति के रामधन, रामकेश गुर्जर, ओमप्रकाश, गिर्राज, अक्षय, कमलेश, मंगल सिंह, हेमंत, रामकेश, मोहन, ओमप्रकाश, गजेंद्र, मंथन और विष्णु सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों का मानना है कि यह सम्मेलन क्षेत्र में वैचारिक क्रांति का सूत्रपात करेगा और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों व राष्ट्र प्रेम के प्रति सचेत करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story