गौ माता राष्ट्र माता घोषित करने के संकल्प संग निकलेगी विशाल गोपद यात्रा, 7 नवंबर से 16 नवंबर तक चलेगी पदयात्रा
गंगापुर सिटी से सैकड़ों गौ सेवकों की भागीदारी के साथ 7 से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक “गौ माता राष्ट्र माता विशाल गोपद यात्रा” निकलेगी। बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में यह यात्रा गौ पूजन और कलश यात्रा के साथ शुरू होकर सनातन एकता और धार्मिक चेतना का संदेश देगी।

गंगापुर सिटी, 5 नवंबर।
गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और हिंदू राष्ट्र की स्थापना के संकल्प के साथ आगामी 7 नवंबर से 16 नवंबर तक देशभर में श्रद्धा और सनातन एकता का एक अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। दिल्ली के छतरपुर हनुमान मंदिर से पूज्य बागेश्वर धाम सरकार श्री धीरेंद्र शास्त्री महाराज के नेतृत्व में निकलने वाली “गौ माता राष्ट्र माता विशाल गोपद यात्रा” में जिले से सैकड़ों गौ सेवक शामिल होंगे।
पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर पर बुधवार को गौ सेवा समिति की जिला बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिला अध्यक्ष एवं प्रमुख गौ सेवक गोविंद नारायण शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि यह यात्रा धार्मिक आस्था, सनातन एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक होगी। 7 नवंबर को छतरपुर हनुमान मंदिर में गौ पूजन और कलश यात्रा के साथ सुबह 9 बजे यात्रा का शुभारंभ होगा।
इस भव्य यात्रा में लगभग 11,000 महिलाएं मंगल कलश के साथ शामिल होंगी। कुल 165 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए 16 नवंबर को वृंदावन धाम स्थित बांके बिहारी मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। आयोजकों ने बताया कि यात्रा मार्ग में गौ सेवकों और राष्ट्र प्रेमियों के लिए भोजन, जल, अल्पाहार और विश्राम की पूरी व्यवस्था रहेगी। साथ ही, यात्रा में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का पूर्व पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।
गोविंद नारायण शर्मा ने बताया कि यह यात्रा न केवल गौ माता की महिमा का प्रचार करेगी, बल्कि समाज में धार्मिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी फैलाएगी। उन्होंने जिले के सभी धर्मप्रेमियों और गो भक्तों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस धर्मयात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाएं तथा गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने में अपना योगदान दें।
बैठक के दौरान प्रमुख रूप से गौ सेवक रामेश्वर शर्मा, महेंद्र सिंह राजावत, राजकुमार बेरवा, नवीन उपाध्याय, राजेश मीणा, मोहन सिंह गुर्जर, मोहित कुमार शर्मा, हरफूल बेरवा, भगवान सिंधी, राम सिंह, धारा सिंह, जितेंद्र शर्मा, योग गुरु कैलाश चंद शर्मा, हरीश शर्मा, मोहित वैष्णव और किशन वैष्णव सहित दर्जनों गौ सेवक उपस्थित रहे।
- गौ माता राष्ट्र माता पदयात्रागौ सेवा समिति गंगापुर सिटीबागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्रीगोविंद नारायण शर्मागोपद यात्रा 2025वृंदावन बांके बिहारी मंदिरसनातन एकता यात्रादिल्ली छतरपुर हनुमान मंदिर यात्रागौ पूजन कलश यात्रागंगापुर सिटी धार्मिक कार्यक्रमHindu Rashtra march 2025Cow protection rally IndiaGau Seva Samiti RajasthanBageshwar Dham Yatra 2025Gau Mata National Mother campaign

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
