गंगापुर सिटी। रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, अनुशासित और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल ने एक अहम पहल करते हुए गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन की क्रू लॉबी में विशेष रेल सुरक्षा सेमिनार का आयोजन किया। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा की अध्यक्षता में आयोजित इस सेमिनार ने न केवल रेलकर्मियों को व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया, बल्कि सुरक्षित रेल संचालन के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया।

इस विशेष सुरक्षा सेमिनार में कुल 42 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, मुख्य लोको निरीक्षक, मुख्य यातायात निरीक्षक सहित परिचालन से जुड़े अनुभवी रेलकर्मी शामिल रहे। सेमिनार का उद्देश्य रेल संरक्षा से जुड़े संवेदनशील पहलुओं पर गहन विमर्श कर संभावित जोखिमों को न्यूनतम करना रहा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि सेमिनार के दौरान स्पाड यानी सिग्नल पास्ड एट डेंजर की घटनाओं से बचाव, धुंध और कोहरे के मौसम में गाड़ियों के सुरक्षित संचालन, कॉशन आर्डर एवं स्थायी गति प्रतिबंधों की सख्त अनुपालना तथा ऑटोमेटिक और मॉडिफाइड सेमी ऑटोमेटिक सेक्शन में ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तकनीकी और व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।

सेमिनार में आगरा मंडल और कोटा मंडल के बीच इंटर-डिपार्टमेंटल एवं इंटर-डिविजनल मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई। परिचालन से जुड़ी जमीनी समस्याओं को बिंदुवार उठाते हुए उनके समाधान और आपसी समन्वय को और बेहतर बनाने पर सहमति बनी, ताकि भविष्य में रेल परिचालन को सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध रखा जा सके।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ललित कुमार धुरंधर और श्री योगेश कुमार मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण परिचालन) श्री कीर्तेश मीणा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री विनोद कुमार मीणा, मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण परिचालन) श्री विवेक खरे, आगरा मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री कुलदीप मीणा तथा मंडल विद्युत अभियंता श्री प्रकाश तिवारी भी मौजूद रहे। सेमिनार में मुख्य लोको निरीक्षक, मुख्य यातायात निरीक्षक, लोको पायलट और सहायक लोको पायलटों की सक्रिय भागीदारी रही।

सेमिनार का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि निरंतर प्रशिक्षण, तकनीकी सतर्कता और विभागीय समन्वय के माध्यम से ही रेल यात्रियों की सुरक्षा और विश्वसनीय परिचालन को सुनिश्चित किया जा सकता है। गंगापुर सिटी में आयोजित यह सेमिनार कोटा मंडल की रेल सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत आधार प्रदान करता है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story