सवाई माधोपुर में बिरसा मुंडा @150 जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य कार्यक्रम, कृषि मंत्री हुए शामिल
सवाई माधोपुर में ट्राइबल एम्प्लाइज वेलफेयर राजस्थान द्वारा बिरसा मुंडा @150 जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित, कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा मुख्य अतिथि। पद गायन और लोकगीतों के माध्यम से आदिवासी नायक के जीवन और संघर्ष को याद किया गया, साथ ही समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान भी किया गया।

सवाई माधोपुर, 16 नवम्बर। ट्राइबल एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (तेवर) की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शिरकत की।
कार्यक्रम की विशेषता रही पद गायन शैली में बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को प्रस्तुत करना। जगदंबा एंड पार्टी, जड़ावता ने सुरों और गीतों के माध्यम से आदिवासी समाज के नायक बिरसा मुंडा के जीवन, उनके अंग्रेजी शासन के खिलाफ किए गए आंदोलनों और उनके बलिदान की कहानी प्रभावशाली ढंग से पेश की। दर्शकों ने प्रस्तुति को भावुक होकर सुना और वीर बिरसा मुंडा को उनके योगदान और साहस के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पीली लुगड़ी में सजी आदिवासी महिलाओं ने कृषि मंत्री को बिरसा मुंडा की तस्वीर भेंट की और लोकगीतों पर नृत्य और गायन प्रस्तुत किया। डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा ने कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ मोर्चा खोला और आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों का अनुसरण करें और समाज के अधिकारों तथा गौरव की रक्षा करें।
कार्यक्रम में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, समाज सुधार और रक्तदान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। शिवकरण मीणा को शिक्षा में योगदान के लिए, रूप सिंह मीणा को पर्यावरण संरक्षण और जीव संरक्षण के क्षेत्र में, डॉ. सी.पी. मीणा को समाज सुधार के क्षेत्र में और पिंटू मीणा गंभीरा को रक्तदान में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथियों में किसान नेता एवं पर्यावरण ब्रांड एंबेसडर रामावतार मीणा, मीणा समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. मीणा, नगर सभापति सुनील तिलकर, पंचायत समिति सदस्य माया मीना और ट्राइबल एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के कई पदाधिकारी और बड़े संख्या में जनजातीय समाज के लोग, बुद्धिजीवी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमराज मीणा और कार्यक्रम अधिकारी समसा ने किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
