गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर। दिव्यांग जनों के अधिकारों के संरक्षण और समाज में उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ गंगापुर सिटी के भगवती पैलेस में 'सक्षम टीम' (समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) के तत्वावधान में भव्य जिला स्तरीय अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक सभा नहीं, बल्कि दिव्यांग जनों के प्रति सामाजिक संवेदनशीलता और जागरूकता का एक महाकुंभ बनकर उभरा। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजस्थान संयोजिका व महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. सरिता बंसल ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दिव्यांगों के उत्थान के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया।

समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि पंचायत समिति प्रधान मंजू गुर्जर, राजस्थान संयोजिका डॉ. सरिता बंसल, दिव्यांग सेवा केन्द्र प्रभारी कृष्ण वल्लभ शर्मा, विशेष योग्यजन समिति के अध्यक्ष चरणजीत सिंह और तहसीलध्यक्ष पींटू गुर्जर द्वारा भारत माता, संत सूरदास जी और ऋषि अष्टावक्र की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। जिला कोषाध्यक्ष बबीता जिन्दल के मधुर स्वर में गूंजे 'सक्षम वर्ग' एवं 'अधिवेशन गीत' ने वातावरण में राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव का संचार कर दिया।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए डॉ. सरिता बंसल और कृष्ण वल्लभ शर्मा ने 'सक्षम' संस्थान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने दिव्यांग जनों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की अनिवार्य आवश्यकताओं के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की। दिव्यांग सेवा केन्द्र के प्रबंधक बलराम शर्मा और जिला अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने केंद्र की गतिविधियों का ब्योरा देते हुए बताया कि संस्थान न केवल सरकारी व गैर-सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करता है, बल्कि प्रत्येक दिव्यांग की समस्या का व्यक्तिगत समाधान भी सुनिश्चित करता है।

स्वास्थ्य सत्र के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण परामर्श दिए। स्पीच थैरेपिस्ट राजकुमारी यदुवंशी ने अभिभावकों को सचेत करते हुए कहा कि यदि दो वर्ष की आयु तक बालक बोलना शुरू न करे, तो तत्काल विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। सरकारी अस्पताल से आए नेत्र विशेषज्ञ, सर्जन डॉ. रघुवीर शरण और डॉ. रामकेश मीणा ने आंखों और हड्डियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए बताया कि आंखें अनमोल हैं, अतः मोबाइल का सीमित उपयोग और बेहतर पोषण अनिवार्य है। साथ ही उन्होंने दिव्यांग सर्टिफिकेट से संबंधित तकनीकी जानकारियां भी साझा कीं।

समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधि रविन्द्र अग्रवाल ने विभाग की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर पंजाब केसरी संवाददाता उद्देश्य मंगल और विशेष योग्यजन शिक्षक हनुमान प्रसाद ने संकल्प लिया कि वे दिव्यांगों की ज्वलंत समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित विभागों तक पहुँचाने में सेतु का कार्य करेंगे। कार्यक्रम के दौरान उन लाभार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए जिन्हें सक्षम टीम के माध्यम से नया जीवन और नई दिशा मिली है।

अधिवेशन का समापन पंचायत समिति प्रधान मंजू गुर्जर द्वारा 'अंधत्वबोध पद यात्रा रैली' को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुआ। प्रधान गुर्जर ने मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि गंगापुर सिटी में निस्वार्थ भाव से सच्ची सेवा का पर्याय 'सक्षम' बन चुका है। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला महिला प्रमुख कुशला खूंटेटा, सचिव वर्षा नाटानी, सहसचिव राधा दीक्षित, सक्षम सारथी सरिता गुप्ता, विकास चंचल, रितिक शर्मा, अवधेश शर्मा, मुकेश सिंह और रेखसिंह गुर्जर की भूमिका सराहनीय रही। इस समागम में लगभग 100 दिव्यांग बच्चों, महिलाओं और पुरुषों सहित 40 संकलाग जनों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कर इस अभियान को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story