गंगापुर सिटी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर गंगापुर सिटी रविवार को राजनीतिक, सामाजिक और जन सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों का केंद्र बन गई। अरावली बचाओ अभियान–जन आंदोलन के समर्थन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को निरस्त करने हेतु प्रस्तुत विधेयक के विरोध तथा स्थानीय जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस की ओर से एक पैदल मार्च एवं जन जागृति रैली के आयोजन की घोषणा की गई है, जो 28 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे आयोजित होगी।

इस कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर व देहात तथा विधायक एवं उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीना करेंगे। पैदल मार्च की शुरुआत गंगापुर सिटी स्थित कांग्रेस कार्यालय, देवी स्टोर चौराहा से होगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पंचायत समिति परिसर स्थित गांधी पार्क तक पहुंचेगा। आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जनहितकारी कानूनों की रक्षा, आमजन में जागरूकता और गंगापुर सिटी को पुनः जिला घोषित कराने की मांग को मजबूती से उठाना है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेसजनों, अग्रिम संगठनों एनएसयूआई, सेवादल, महिला कांग्रेस, कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से दोपहर 12 बजे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देवी स्टोर चौराहा पर एकत्रित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।

इसी दौरान तंजीम इस्लाहे समाज कमेटी ने विधायक रामकेश मीना को एक ज्ञापन सौंपकर गंगापुर सिटी में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर गंभीर चिंता जताई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि शहर के भीतर स्मैक का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आ रहा है। हाल ही में काजी कॉलोनी निवासी युवक इकरार खान की स्मैक सेवन के कारण हुई मृत्यु का हवाला देते हुए बताया गया कि इसके बावजूद पुलिस द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि काजी कॉलोनी के युवाओं द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने नशा कारोबारियों के बजाय उन्हीं युवाओं के खिलाफ कार्रवाई की, जिससे समाज में रोष व्याप्त है। मुस्लिम समाज की ओर से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, शहर के थानों में ब्लैक कमांडो फोर्स का गठन कर स्मैक कारोबारियों के विरुद्ध गश्त व गिरफ्तारी, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई तथा नशे के आदी युवाओं को पकड़कर नशामुक्ति केंद्र भेजने जैसी मांगें रखी गईं।

इस अवसर पर विधायक रामकेश मीना ने गंगापुर सिटी में बिगड़ती कानून व्यवस्था, नशे का अवैध कारोबार, यातायात अव्यवस्था, भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे और हाल में हुई गोलीबारी की घटनाओं को गंभीर बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर इन सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कांग्रेस स्थापना दिवस पर प्रस्तावित यह पैदल मार्च न केवल राजनीतिक गतिविधि, बल्कि शहर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जन चेतना का प्रतीक बनकर उभरता नजर आ रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story