भरतपुर। हिन्दुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, राजस्थान राज्य के तत्वावधान में आयोजित संभाग स्तरीय निपुण रोवर–रेंजर प्रशिक्षण शिविर ने सवाई माधोपुर जिले के युवाओं में नई ऊर्जा और दक्षता का संचार किया। इस पांच दिवसीय आवासीय शिविर में 6 से 12 दिसंबर तक 54 युवक और युवतियों ने भाग लेकर स्काउटिंग और गाइडिंग के विविध कौशलों में महारत हासिल की।

जिला स्काउट सचिव श्री रूपनारायण गुर्जर ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर राज्य सरकार द्वारा जारी बजट अनुदान के अंतर्गत बालक, बालिकाओं एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया। शिविर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, ओलवाड़ा, पढ़ाना, डूंगरी, सारसोप, बाडोलास और पद्मिनी ओपन रेंजर टीम सवाई माधोपुर के प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का संचालन जिला प्रशिक्षक (गाइड) श्रीमती सुनीता शर्मा–डूंगरी और स्काउट मास्टर श्री मुकेश कुमार मीना–बाडोलास के नेतृत्व में किया गया।

डिस्ट्रिक्ट ऑर्गेनाइजर (गाइड) श्रीमती अरुणा गौतम ने बताया कि शिविर का समग्र संचालन श्री भरत लाल प्रजापत, डिस्ट्रिक्ट ऑर्गेनाइजर (स्काउट), सवाई माधोपुर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हिन्दुस्तान स्काउट गाइड संगठन की जानकारी, अनुशासन, नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, राष्ट्रीय और संगठन के विभिन्न ध्वजों की जानकारी, ध्वज शिष्टाचार एवं ध्वज फहराने के नियम, टोली विधि, तम्बू एवं अस्थाई शैल्टर बनाना, प्राथमिक सहायता, गुप्त संदेशों का आदान-प्रदान, वाचिंग टावर तैयार करना, विभिन्न प्रकार की जीवन उपयोगी गांठें सीखने का मौका मिला।

इसके अतिरिक्त, शिविर में बहते हुए खून को रोकना, प्राथमिक चिकित्सा पट्टियां और झोल बांधना, नदी की गहराई एवं चौड़ाई का अनुमान लगाना, पायनियरिंग एवं सामुदायिक परियोजनाओं पर काम करना, भोजन बनाना, रोगी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए स्थायी स्ट्रेचर का प्रयोग, जलती हुई आग और पानी में डूबते व्यक्ति को बचाने के तरीके, उपलब्ध संसाधनों में अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ समाजसेवा, प्रकृति संरक्षण, सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा, टीम भावना, राष्ट्र प्रेम, आपसी भाईचारे और समन्वय की भावना विकसित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

शिविर के समापन पर स्काउट और गाइडिंग के सभी प्रतिभागियों ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण ने उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस प्रकार, संभाग स्तरीय निपुण रोवर्स–रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर ने सवाई माधोपुर जिले के युवाओं को बहुमुखी कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सजग बनाया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story