सवाई माधोपुर के 105 दिव्यांग विद्यार्थियों ने जयपुर के प्रमुख शैक्षणिक और ऐतिहासिक स्थलों का दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट में लिया भाग
सवाई माधोपुर के 105 दिव्यांग विद्यार्थियों ने जयपुर में दो दिवसीय एक्सपोजर विजिट के दौरान रामनिवास गार्डन, अल्बर्ट हॉल म्यूजियम, साइंस पार्क और चिड़ियाघर का भ्रमण कर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वैज्ञानिक ज्ञान में वृद्धि की, जिससे उनका आत्मविश्वास और समावेशी विकास सशक्त हुआ।c

सवाई माधोपुर, 5 दिसम्बर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने हेतु 4 और 5 दिसम्बर को जयपुर में दो दिवसीय अंतर जिला एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। यह यात्रा न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक समावेशिता को भी मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुई।
इस कार्यक्रम के पहले दिन विद्यार्थियों ने रामनिवास गार्डन, अल्बर्ट हॉल म्यूजियम और सिटी पार्क का भ्रमण किया। इन स्थलों पर विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के साथ-साथ प्राकृतिक वातावरण का भी नजदीकी अनुभव किया। समावेशी शिक्षा कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने बताया कि इन स्थलों के भ्रमण से विद्यार्थियों का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक ज्ञान समृद्ध हुआ और उनके पर्यावरणीय समझ को भी नई दिशा मिली।
विजिट के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के रोमांचक पहलुओं को जानने के लिए साइंस पार्क का दौरा किया। यहां आयोजित 3डी शो, आईटी लैब, इनोवेशन हब, एस्ट्रो पार्क और तारामंडल शो ने बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवीन सोच को विकसित किया। इसके बाद, विद्यार्थियों ने जयपुर चिड़ियाघर का भ्रमण कर विभिन्न वन्य जीवों और दुर्लभ पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिससे उनकी प्राकृतिक और जैविक समझ में वृद्धि हुई।
इस दो दिवसीय शैक्षणिक यात्रा में विजिट प्रभारी शशि कला बंसीवाल, सह प्रभारी अरविंद शर्मा और प्रत्येक ब्लॉक से 13 विद्यार्थियों के साथ 2 विशेष शिक्षक शामिल हुए। कुल मिलाकर 105 प्रतिभागियों ने इस यात्रा का हिस्सा बनकर समावेशी शिक्षा के महत्व को महसूस किया और इसे सीखने, समझने एवं आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
यह एक्सपोजर विजिट दिव्यांग विद्यार्थियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें विभिन्न विषयों और स्थानों के प्रति जागरूक करने और उनके समग्र विकास में योगदान देने में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि समावेशी शिक्षा केवल अधिकार नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी भी है।
- सवाई माधोपुर दिव्यांग विद्यार्थीजयपुर शैक्षणिक भ्रमणसमग्र शिक्षा अभियानएक्सपोजर विजिट 2025रामनिवास गार्डनअल्बर्ट हॉल म्यूजियमजयपुर साइंस पार्कजयपुर चिड़ियाघरदिव्यांग शिक्षासमावेशी शिक्षाShiksha SamaveshiJaipur Educational TourDisabled Student JaipurInclusion EducationScience Park JaipurHistorical Tour Jaipur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
