सवाई माधोपुर में SIR-2026: शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन करने वाले 37 बीएलओ को जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया सम्मानित
सवाई माधोपुर जिले में SIR-2026 के तहत शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य करने वाले 37 बीएलओ को जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कलक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। जिले में डिजिटाइजेशन 81.23 प्रतिशत पूरा हो चुका है और बामनवास विधानसभा प्रथम स्थान पर है। समारोह में बीएलओ ने अपने अनुभव साझा कर अन्य अधिकारियों को भी प्रेरित किया।

सवाई माधोपुर, 25 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) में शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य करने वाले 37 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कलक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया। यह समारोह जिले में डिजिटाइजेशन कार्य की सफलता और बीएलओ की उत्कृष्ट सेवा को मान्यता देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने इस अवसर पर बताया कि सवाई माधोपुर जिले में ईसीआई-नेट पोर्टल पर गणना प्रपत्रों का अपलोड कार्य तेजी से जारी है। जिले के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया 81 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुकी है। बामनवास विधानसभा 84.44 प्रतिशत प्रपत्र अपलोड के साथ जिले में प्रथम स्थान पर है, वहीं सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और खंडार में भी 80 प्रतिशत से अधिक प्रपत्र अपलोड किए जा चुके हैं। वर्तमान में सवाई माधोपुर जिला 81.23 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के साथ राज्य में लगातार छठे स्थान पर है।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राकेश गुर्जर, इब्राहिम खान, सलीम खान, मनोज कुमार मीणा, हरकेश मीना, सतीश चंद्र महावर, नेतराम प्रजापत, जुबेर अहमद, फरियाद खान, बनवारी लाल मीणा, अशफाक अहमद, सैयद साबिर अली, अमर सिंह गुर्जर, प्रेम प्रकाश माली, भागीरथ सिंह और मेघराज सिंह बैरवा सहित 37 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बीएलओ मनोज कुमार मीणा, जो विज्ञान विषय के अध्यापक हैं, ने बताया कि उन्होंने अपनी पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए 18 नवम्बर तक पूरा कार्य पूर्ण कर लिया। जुबेर अहमद ने कहा कि “पहली बार एसआईआर के दौरान ऐसा लगा कि सरकार ने बीएलओ बनाकर हमारा मान-सम्मान बढ़ाया है।” वहीं प्रेम प्रकाश माली ने कविता के माध्यम से कार्य के दौरान आए अनुभव और चुनौतियों को साझा करते हुए अन्य बीएलओ को भी प्रेरित किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जिला एवं उपखण्ड स्तर की आईटी टीम इन मुद्दों के त्वरित निस्तारण के लिए लगातार कार्यरत है। उन्होंने सभी बीएलओ से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के अन्य अधिकारियों का सहयोग करें, ताकि एसआईआर-2026 का कार्य समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।
फोटो कैप्शन: 25 नवम्बर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
- सवाई माधोपुर SIR-2026बीएलओ सम्मान सवाई माधोपुरमतदाता सूची डिजिटाइजेशनSIR-2026 कार्यक्रम सवाई माधोपुरबामनवास विधानसभा डिजिटाइजेशनसवाई माधोपुर जिले में डिजिटाइजेशनजिला निर्वाचन अधिकारी सम्मान समारोहबीएलओ प्रशस्ति पत्रSawai Madhopur SIR-2026BLO award Sawai Madhopurvoter list digitizationSIR-2026 program Sawai MadhopurBamanwas constituency digitizationSawai Madhopur district digitizationDistrict Election Officer award ceremony

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
