पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन की दिशा में भारत विकास परिषद्, शाखा हिण्डौन सिटी ने वर्षा ऋतु के दौरान व्यापक पौधारोपण के उद्देश्य से 4800 सीड बॉल (बीज बम) तैयार किए हैं। परिषद् की पर्यावरण गतिविधि के अंतर्गत संचालित इस अभियान का प्रांतीय दायित्वधारियों ने अवलोकन करते हुए पर्यावरण को मानव अस्तित्व का आधार बताते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

शाखा पर्यावरण गतिविधि संयोजक वन्दना शर्मा ने बताया कि 23 जून से 30 जून तक पर्यावरण सदस्य अनिल गुप्ता (बॉबी) के तिरुपति नगर, हिण्डौन सिटी स्थित निवास पर नियमित कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान उनकी माता श्रीमती पूरन देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों, आसपास निवास करने वाली महिलाओं तथा उत्साहित बच्चों अनवी, अग्रिमा, दिशांत, दियांशी, सानवी, भव्यम, वर्षा, तेजस, मिस्टी और जीनू के सहयोग से लगभग 4800 सीड बॉल तैयार किए गए।

उन्होंने बताया कि इन सीड बॉल (बीज बम) का उपयोग वर्षा ऋतु में कटीली झाड़ियों वाले क्षेत्रों, जंगलों, वन विभाग के सूखे क्षेत्रों तथा सड़क किनारे पौधारोपण के लिए किया जाएगा, जिससे हरित क्षेत्र का विस्तार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

पर्यावरण गतिविधि सदस्य अनिल गुप्ता (बॉबी) ने शाखा द्वारा पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 25 मई गंगा दशहरा से पर्यावरण दिवस तक "वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान" के अंतर्गत जल स्रोत पूजन (जलसेन पर), गौशाला में स्वच्छता अभियान तथा पर्यावरण दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

वन्दना शर्मा ने बताया कि सीड बॉल तैयार करने के अभियान में शाखा महिला संयोजिका पूजा सिंघल, संस्कार गतिविधि सदस्य (राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता) आरती बिंदल, गरिमा गुप्ता, शशि सोलंकी, रीना पाठक और वर्षा अग्रवाल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यशाला का अवलोकन करते हुए प्रांतीय सेवा गतिविधि संयोजक देवेन्द्र शर्मा, सदस्य (बनवासी कल्याण योजना) निरंजन शर्मा, संस्कार गतिविधि सदस्य पंकज जैन तथा शाखा अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता (बजाज) ने परिषद् सदस्यों, मातृशक्ति और बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान परिषद् के "स्वस्थ, समर्थ, संस्कारित-भारत" के उद्देश्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जनभागीदारी को मजबूत करते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story