सवाई माधोपुर, 20 दिसम्बर।

राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों, फ्लैगशिप योजनाओं और नीतिगत सुधारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान जिले में प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में सवाई माधोपुर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथ निरंतर भ्रमण कर रहे हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को सरकार के कार्यों से सीधे जोड़ा जा रहा है।

इन विकास रथों में स्थापित आधुनिक एलईडी स्क्रीन के जरिए ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतीकरण द्वारा आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और बजट घोषणाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। गांवों और कस्बों में विकास रथों के पहुंचते ही उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण एलईडी स्क्रीन पर सरकार के दो वर्षों के “रिपोर्ट कार्ड” को ध्यानपूर्वक देख रहे हैं और योजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया ने बताया कि अभियान के तहत विकास रथ प्रतिदिन पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं। विकास रथों के आगमन पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा है। इस दौरान योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाओं का वितरण भी किया जा रहा है, जिससे आमजन को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

अभियान के दौरान नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को समझ रहे हैं, वहीं सुझाव पेटी में अपने विचार और सुझाव भी साझा कर रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि यह पहल सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ योजनाओं की जमीनी समझ को भी सुदृढ़ कर रही है।

उन्होंने बताया कि 21 दिसम्बर को विकास रथ सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, खण्डार और बामनवास क्षेत्र के विभिन्न पंचायत भवनों, राजकीय विद्यालयों और भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्रों में पहुंचकर आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे। यह अभियान जिले में सरकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ विकास की तस्वीर को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story