सवाई माधोपुर, 1 दिसम्बर। गर्भवती और धात्री महिलाओं में एनीमिया के प्रभावी प्रबंधन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 1 से 15 दिसम्बर तक विशेष पिंक पखवाड़े का आयोजन करने की घोषणा की है। इस दौरान महिलाओं में हीमोग्लोबिन स्तर तेजी से बढ़ाने हेतु मिशन मोड पर फेरिक काबॉर्क्सी माल्टोज (FCM) इंजेक्शन का उपयोग किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पारंपरिक आयरन की गोलियों (IFA) के मुकाबले FCM इंजेक्शन का लाभ अधिक तेज और प्रभावी है। आयरन गोलियों से हीमोग्लोबिन बढ़ाने में समय लगता है और कई महिलाओं को मतली, कब्ज, पेट खराब व अवशोषण की कमी जैसी समस्याओं के कारण इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिलता। वहीं FCM इंजेक्शन एक से डेढ़ माह में तीन से चार ग्राम तक हीमोग्लोबिन स्तर बढ़ाने में सक्षम है।

डॉ. जेमिनी ने बताया कि FCM इंजेक्शन की खुराक गंजोनी सूत्र के अनुसार निर्धारित की जाएगी। गर्भवती महिलाओं को किसी भी सप्ताह में 1000 मिलीग्राम से अधिक डोज नहीं दी जाएगी और पूरे गर्भावस्था काल में अधिकतम सीमा 1500 मिलीग्राम तक रखी जाएगी। पिंक पखवाड़ा अभियान मध्यम से गंभीर एनीमिया वाली महिलाओं, जिनका हीमोग्लोबिन स्तर 5 से 9 ग्राम के बीच है, को केंद्रित करेगा।

अभियान के दौरान आशा सहयोगिनी और एएनएम सक्रिय मोड में महिला लाभार्थियों की सूची तैयार करेंगी और उन्हें अस्पताल तक लाने में मदद करेंगी। FCM इंजेक्शन का प्रयोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में केवल चिकित्सक की देखरेख में किया जाएगा। यह इंजेक्शन इंट्रावेनस (IV) माध्यम से लगाया जाता है और डे केयर सेटिंग में केवल 15 मिनट में पूरी डोज दी जा सकती है।

स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान से सवाई माधोपुर जिले की गर्भवती और धात्री महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है। पिंक पखवाड़ा ना केवल एनीमिया की समस्या को कम करने में मदद करेगा, बल्कि मातृ और शिशु स्वास्थ्य के स्तर को भी मजबूती प्रदान करेगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story