सलूंबर, 9 दिसंबर। ग्रामीण स्वास्थ्य और समग्र ग्राम विकास को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आज उपमुख्यमंत्री श्री प्रेमचंद बैरवा की अध्यक्षता में आयुर्वेद विभाग द्वारा उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई, जिसमें योजना के सभी घटकों की समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही पर विशेष ध्यान दिया गया।

उपमुख्यमंत्री ने बैठक के आरंभ में योजना के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के साथ-साथ ग्राम स्तर पर समग्र विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्राथमिकता हो। इसके अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुर्वेद औषधालय और आयुष स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्त संचालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में यह भी बताया गया कि चयनित आयुष्मान आदर्श ग्राम को स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यकताओं के लिए 11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि सभी विभाग निर्धारित एसओपी के अनुसार कार्य करें और ग्राम स्तर पर आयुष एवं आधुनिक चिकित्सा दोनों की समन्वित स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाए।

इस अवसर पर पंचायत राज, स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य कार्यान्वयन एजेंसियों के मध्य मजबूत समन्वय पर विशेष जोर दिया गया, जिससे योजना के सभी घटक सुचारु रूप से संचालित हो सकें। उपमुख्यमंत्री ने नोडल अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य मिशन को सफल बनाने के लिए समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

अंत में उन्होंने आयुर्वेद विभाग की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि योजना की सफलता में इसकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विभागों से ग्रामीण स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाने और आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना को वास्तविक रूप में साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण की अपेक्षा जताई।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story