सलूंबर। जिले के ग्रामीण अंचलों में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। खासकर सेरीया गांव में हाल के दिनों में हुई करीब एक दर्जन चोरी की वारदातों ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया। इसी को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधि मंडल जिला कलेक्टर अवधेश मीणा से मिला और क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई।

प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को अवगत कराया कि सेरीया गांव में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने मांग की कि पुलिस इन चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करे और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। प्रतिनिधि मंडल में उपसरपंच नरेंद्र बरोडिया सहित परसराम मेहता, लच्छीराम मेहता, मोहन चौधरी, खुशाल पबावत, नंदलाल मेहता, फतेहलाल जोशी और मनोज बरोडिया मौजूद रहे।

जिला प्रशासन को सौंपे गए इस ज्ञापन ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं, जिससे यह तय होगा कि ग्रामीणों को कब तक राहत और सुरक्षा का भरोसा मिल पाता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story