सलूंबर, 13 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को सलूंबर में एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा ने जिला कलेक्टर परिसर से ‘विकास रथों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से की गई है।

इस अवसर पर मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि सरकार जनता की भलाई के लिए निरंतर कार्यरत है और प्रदेश का विकास बिना किसी बाधा के आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी सरकार ने अपने सुशासन का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा है। विकास रथ सलूंबर विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक जाकर आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ेंगे और सरकार के दो वर्ष का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे।

प्रभारी मंत्री ने डीएमएफटी के तहत 107.47 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के वित्तीय स्वीकृति जारी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आठ विभागों के 889 कार्यों के लिए मंजूरी प्राप्त हो चुकी है, जिससे शिक्षा, चिकित्सा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विकास कार्य होंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने पेपरलीक जैसी घटनाओं पर कड़ा नियंत्रण किया है और सरकारी नौकरी के लिए प्रयासरत युवाओं के लिए परीक्षाओं का कैलेंडरवार सफल आयोजन सुनिश्चित किया जा रहा है। राइजिंग राजस्थान और प्रवासी राजस्थान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश सतत विकास की दिशा में अग्रसर है।

मंत्री हेमंत मीणा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे विकास रथ की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और सुझाव पेटिका के माध्यम से अपने सुझाव साझा करें, जिन्हें आगामी बजट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत कैशलेस इलाज और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

इस अवसर पर उदयपुर सांसद मन्ना लाल रावत ने कहा कि पिछला दो वर्ष राजस्थान के विकास की नई इबारत लिखने वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास रथ के माध्यम से दिखाई जा रही फिल्म केवल प्रचार नहीं, बल्कि उन लाखों लाभार्थियों की सच्चाई है जिनके जीवन में उजाला आया है। सलूंबर विधायक शान्ता अमृत लाल मीणा ने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार अंत्योदय की भावना के तहत अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का उजियारा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विकास रथ की बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संदेशों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की लघु फिल्में प्रदर्शित की गईं। इस दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अवधेश मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार, एसडीएम जगदीश चन्द्र बामनिया, आयुक्त नगर परिषद गणपत लाल खटीक, पीआरओ पुष्पक मीणा, सूचना सहायक अमोल अहारी सहित जिला पदाधिकारी और भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस पहल से न केवल आमजन को योजनाओं की जानकारी मिली, बल्कि राज्य सरकार की नीतियों और विकास के कार्यों का प्रभाव भी स्पष्ट रूप से सामने आया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story