सलूंबर। विद्या निकेतन संस्थान सलूंबर के डाल चौराहा परिसर में मंगलवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार से जुड़ी माताओं एवं बहिनों ने सम्मेलन में सहभागिता की। कार्यक्रम में करीब 155 माताओं एवं बहिनों की उपस्थिति रही। सम्मेलन का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में माताओं की भूमिका को रेखांकित करने के साथ विद्यालय के विकास में मातृशक्ति की सहभागिता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता संकुल प्रमुख अनिल राज जोशी, सेमारी प्रधानाचार्य एवं प्रबंध समिति अध्यक्ष वेलचंद कलाल, प्रबंध समिति उपाध्यक्ष लीलाधर त्रिवेदी तथा अभिभावक एवं समाजसेविका पुष्पा जैन सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बालिका माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या मीना सकरावत ने अतिथियों का परिचय करवाया। मनीष कुमार रजक, मुकेश चौबीसा, प्रकाश गर्ग एवं विजय चौबीसा ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।

माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य लव दवे ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं गतिविधियों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यालय के भैया-बहिनों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित माताओं एवं अतिथियों ने प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले भैया-बहिनों की माताओं का सम्मान किया गया। अतिथियों ने माताओं को सम्मानित करते हुए विद्यार्थियों की सफलता में परिवार और विशेष रूप से मां के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य वक्ता अनिल राज जोशी ने कहा कि बालक के संस्कार, व्यक्तित्व एवं जीवन मूल्यों के निर्माण में मां की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने माताओं से बच्चों की शिक्षा के साथ उनके संस्कार, अनुशासन, व्यवहार एवं सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी ध्यान देने का आह्वान किया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और परिवार के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

इस दौरान सभी माताओं को विद्यालय के विकास एवं भैया-बहिनों की उन्नति में सक्रिय सहभागिता का संकल्प कराया गया। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष लीलाधर त्रिवेदी ने सभी माताओं एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रमीला शर्मा ने किया। विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदियां उपस्थित रहीं। शांति मंत्र के साथ मातृ सम्मेलन का समापन हुआ।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story