सलूम्बर। समाज को नशे के दुष्परिणामों से मुक्त करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद की ओर से जिला मुख्यालय पर एक प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांधी चौक स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. अनिता जोशी रहीं, जिन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कम उम्र में नशे की लत लगना युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। डॉ. जोशी ने विशेष रूप से नशे की हालत में तेज रफ्तार बाइक चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में कई परिवार अपने इकलौते बच्चों को खो देते हैं, जिससे पूरा परिवार आजीवन पीड़ा झेलने को मजबूर हो जाता है।

कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद की जिला उपाध्यक्ष नीलू पुर्बिया, जिला संयोजिका नीलम प्रजापत, सह संयोजिका निर्मला लौहार एवं कविता सुथार ने भी नशा मुक्ति के महत्व पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कोमल प्रजापत ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता और आत्ममंथन की स्पष्ट झलक दिखाई दी। यह आयोजन न केवल युवाओं को नशे के खिलाफ सचेत करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सशक्त संदेश भी देकर गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story