सलूंबर में 25 मई से शुरू होगा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान
गंगा दशमी पर सरणी नदी से होगी जिला स्तरीय शुरुआत, जिला कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सौंपे आवश्यक दिशा-निर्देश।

सलूंबर जिला प्रशासन द्वारा 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रशासनिक स्टाफ।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राजस्थान सरकार द्वारा 25 मई से 5 जून 2026 तक “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” का आयोजन किया जाएगा। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 25 मई 2026 को गंगा दशमी के अवसर पर सलूंबर में सरणी नदी पर सुबह 8:00 बजे किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने अभियान के प्रभावी एवं सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समिति गठित कर उन्हें स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम के अंतर्गत कलश यात्रा, जागरूकता रैली, जल स्रोत पूजन, दीपदान, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, रैलियां एवं व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान आयोजन स्थल की साफ-सफाई, टेंट व्यवस्था, मंच निर्माण, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, प्रचार-प्रसार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों को सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएंगी।
इसके साथ ही अभियान के अंतर्गत जिलेभर में जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई, पौधारोपण तथा जल जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर पर जल स्रोतों का पूजन, स्वच्छता गतिविधियां, पौधारोपण, रैलियां एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम संपन्न होंगे।
महात्मा गांधी नरेगा, जल शक्ति अभियान तथा मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। जिला कलक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर कार्यक्रमों का विस्तृत कैलेंडर तैयार कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
यह अभियान जिले में जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करने, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
