वन्दे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत सलूम्बर में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा 31 मई को साइकिल रैली और 4 जून को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

सलूम्बर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में ‘वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले आगामी जागरूकता कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की गई।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र द्वारा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता एवं खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 मई (रविवार) को प्रातः 7:30 बजे साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली आरटीओ कार्यालय से प्रारंभ होकर गणेश घाटी पर समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि रैली में रिपोर्ट करने वाले प्रथम 100 प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से टी-शर्ट प्रदान की जाएगी, जिससे अधिकाधिक युवाओं एवं नागरिकों की सहभागिता को प्रोत्साहन मिलेगा।
इसी क्रम में 4 जून को महिला वर्ग की मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर के खेल मैदान में किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं प्रातः 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित होंगी, जिनमें रुमाल जपट्टा, रस्साकस्सी एवं कुर्सी दौड़ जैसी पारंपरिक एवं मनोरंजक खेल गतिविधियां शामिल रहेंगी। प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा इन आयोजनों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, नगर परिषद, राजीविका, महिला अधिकारिता विभाग, चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और महिला सशक्तिकरण को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप प्राप्त हो सकेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
