वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान: मुख्य सचिव ने दिए व्यापक जन आंदोलन बनाने के निर्देश
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राज्य में 25 मई से 5 जून तक आयोजित होने वाले जल संरक्षण अभियान की विभागवार तैयारियों और मॉनिटरिंग की विस्तृत समीक्षा की।

सलूम्बर जिला कलेक्ट्रेेट में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान "वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026" की तैयारियों की समीक्षा बैठक में उपस्थित जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी (मध्य में), अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला (दाएं) तथा अन्य अधिकारी।
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” की तैयारियों एवं विभागवार गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे एक व्यापक जन आंदोलन के रूप में संचालित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जल संकट से प्रभावित जिलों में अभियान को गंभीरता और तीव्र गति के साथ लागू करने पर बल दिया।
मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टर्स से अभियान के निर्धारित लक्ष्यों एवं गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक घटक की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन सहयोग से जुड़ा एक सामाजिक दायित्व है, जिसमें ग्राम स्तर तक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने रात्रि चौपालों की अवधारणा पर विशेष जोर देते हुए प्रभारी सचिवों एवं अधिकारियों को गांवों में रात्रि चौपाल आयोजित करने तथा प्रत्येक अधिकारी को प्रति माह कम से कम एक रात्रि गांव में प्रवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख शासन सचिवों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को भी जिलों का दौरा कर अभियान गतिविधियों की समीक्षा करने तथा जमीनी स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने लागत दक्षता और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए, जिससे अभियान अधिक प्रभावी बन सके।
आयुक्त एवं शासन सचिव, पंचायती राज विभाग श्री जोगा राम ने बैठक में अभियान की रूपरेखा एवं विभागवार गतिविधियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान राज्यभर में जल स्रोतों की सफाई, वर्षा जल संरक्षण, पौधारोपण, श्रमदान, जनजागरूकता गतिविधियां, जल संरचनाओं का पुनर्जीवन तथा व्यापक जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत स्तर तक गतिविधियों की मॉनिटरिंग मोबाइल एप एवं रियल टाइम रिपोर्टिंग प्रणाली के माध्यम से की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का आयोजन 25 मई से 5 जून तक किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 25 मई को जल संरक्षण संकल्प एवं जनजागरूकता गतिविधियों से होगी। इसके बाद 26 से 31 मई तक विभिन्न विभागों द्वारा जल स्रोतों की सफाई, वर्षा जल संरक्षण, पौधारोपण, रैलियां, श्रमदान, स्कूल एवं ग्राम स्तर पर जनभागीदारी कार्यक्रम तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 1 जून को जल संरक्षण विषयक प्रदर्शनी एवं तकनीकी गतिविधियां होंगी, जबकि 2 से 5 जून तक राज्यभर में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसहभागिता आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर व्यापक जनभागीदारी गतिविधियों के साथ किया जाएगा।
वीसी के माध्यम से हुई इस बैठक में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी जुड़े। बैठक में संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव, प्रभारी सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी संभागीय आयुक्त एवं जिला कलेक्टर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
