भजनलाल सरकार के दो वर्ष: सुशासन, विकास और विश्वास की गवाही बना मेवल का जनसमर्थन
राजस्थान में भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर मेवल के खरका में आयोजित सुशासन और सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में पूर्व केबिनेट मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने आम सभा को संबोधित किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां, विकास कार्य, सड़क-पुल निर्माण, पंचायत समिति गठन और रोजगार व योजनाओं की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

सराड़ी। राजस्थान में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ‘सुशासन और सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम के तहत उदयपुर संभाग के प्रभारी एवं पूर्व केबिनेट मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने मेवल मंडल के खरका गांव में आयोजित विशाल आम सभा को संबोधित किया। सभा में सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे सुशासन, विकास और जनविश्वास का कालखंड बताया।
दोपहर 12 बजे जैसे ही राजेंद्र राठौड़ खरका पहुंचे, बस स्टैंड से सभा स्थल तक ढोल-नगाड़ों और डीजे की गूंज के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेवाड़ी साफा पहनाकर, तलवार भेंट कर एवं अपराणा ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजेंद्र राठौड़ उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम और सलूंबर विधायक शांता देवी मीणा रहे। पूर्व सांसद महेंद्रजीत सिंह मालवीया की गरिमामयी उपस्थिति रही और कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने की।
सभा को संबोधित करते हुए राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि भजनलाल सरकार के दो वर्ष प्रदेश के लिए उपलब्धियों से भरे रहे हैं। राजस्थान 11 राष्ट्रीय योजनाओं में प्रथम, पांच में द्वितीय और नौ योजनाओं में तृतीय स्थान पर है, जो शासन की कार्यशैली और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 76.18 लाख किसानों को 10,432 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 1.36 लाख और शहरी क्षेत्रों में 68,738 आवासों का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में 35 लाख से अधिक मरीजों को सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।
पूर्व केबिनेट मंत्री ने भर्ती परीक्षाओं के मुद्दे पर भी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया, जबकि वर्तमान सरकार ने दो वर्षों में 92 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दीं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक में संलिप्त आरोपियों को जेल भेजा गया है और भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर पारदर्शी एवं नियमित प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है।
मेवल क्षेत्र के विकास कार्यों पर विशेष जोर देते हुए राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में बीते दो वर्षों में 16,430 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है। मेवल क्षेत्र में नई सड़कों, बायपास और गोमती नदी पर आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हाई लेवल ब्रिज की घोषणा कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए मेवल में पंचायत समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जयसमंद क्षेत्र में जाखम का पानी पहुंचाने की योजना का भी उल्लेख किया और जनता से भरोसा बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, विधायक शांता देवी मीणा और विधानसभा प्रभारी दिनेश भट्ट ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, पूर्व जिला प्रमुख शांति लाल मेघवाल, जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी, जिला मंत्री करण सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने मेवल क्षेत्र में सरकार के प्रति भरोसे और विकास की अपेक्षाओं को नई मजबूती प्रदान की।
- मेवल खरका में राजेंद्र राठौड़ की आम सभाभजनलाल सरकार के दो साल सुशासन विकास विश्वासमेवल पंचायत समिति गठन समाचारमेवल क्षेत्र सड़क पुल विकास कार्यजयसमंद जाखम पानी योजनासलूंबर भाजपा कार्यक्रम समाचारRajasthan BJP government two years achievementsRajendra Rathore public meeting Mewal KharkaMewal road bridge development newsBhajanlal Sharma government development Rajasthan

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
