जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए जिला यातायात पुलिस विभाग शुक्रवार को सख्त रुख में नजर आया। यातायात पुलिस अधीक्षक देवीदयाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर सहित जिलेभर में नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन चलाने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई शुरू की और स्पष्ट संदेश दिया कि कानून से कोई भी ऊपर नहीं है।

इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित लवकुश शिक्षण संस्थान में यातायात पुलिस ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय आने वाले नाबालिग छात्र-छात्राओं के वाहनों की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक देवीदयाल सिंह ने मौके पर ही निर्देश दिए कि यदि कोई नाबालिग विद्यार्थी वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो न केवल छात्र के खिलाफ बल्कि वाहन उपलब्ध कराने वाले अभिभावक के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में अभिभावकों को जेल की सजा के साथ 25 हजार रुपये तक का जुर्माना भी भुगतना पड़ सकता है।

यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, तेज गति से वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे गंभीर उल्लंघनों को चिन्हित किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन सभी मामलों में कानूनी जिम्मेदारी सीधे अभिभावकों पर तय की जाएगी, क्योंकि नाबालिग को वाहन देना स्वयं में एक दंडनीय अपराध है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक देवीदयाल सिंह ने भावनात्मक लेकिन सख्त शब्दों में कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव रखने का समय होता है। तेज रफ्तार और लापरवाही सम्मान नहीं दिलाती, बल्कि जीवन को जोखिम में डालती है। नियमों की अवहेलना का खामियाजा केवल विद्यार्थी ही नहीं, उनके परिवार को भी भुगतना पड़ता है।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य विभागाध्यक्ष रणधीर सिंह राठौड़ ने पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि संस्था लगातार विद्यार्थियों और अभिभावकों को वाहन लेकर विद्यालय न आने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करती रही है। उन्होंने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रधानाचार्य मणिलाल शर्मा और उप प्रधानाचार्य सुरेश टेलर ने पुलिस अधिकारियों का उपरणा पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासक अरुण चौबीसा ने किया। यह कार्रवाई न केवल नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है, बल्कि अभिभावकों के लिए भी एक स्पष्ट चेतावनी है कि कानून की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story