सलूंबर का शिक्षक दल राज्य स्तर पर लहराया परचम, समूह गान में द्वितीय स्थान हासिल
सलूंबर जिले का शिक्षक दल राज्य स्तरीय क्रीड़ा-सांस्कृतिक प्रतियोगिता में समूह गान में द्वितीय स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। दिनेश रेगर, पंकज टेलर, भूपेंद्र पटेल, शंकर लाल प्रजापत, विक्रम सिंह भाटी, अतुल भावसार और चेतन कुमार साहू ने उत्कृष्ट प्रस्तुति दी।

सलूंबर। राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रींगस, सीकर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक क्रीड़ा-सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सलूंबर जिले का शिक्षक दल अपने प्रदर्शन से सुर्खियों में रहा। पहली बार राज्य स्तर पर भाग लेने वाले इस दल ने समूह गान में शानदार प्रस्तुति देकर राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया और जिले का नाम गौरवान्वित किया।
सलूंबर जिले से इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दल के प्रभारी पंकज टेलर ने बताया कि दिनेश रेगर के नेतृत्व में शिक्षक पंकज टेलर, भूपेंद्र पटेल, शंकर लाल प्रजापत, विक्रम सिंह भाटी, अतुल भावसार और चेतन कुमार साहू ने सामूहिक रूप से समूह गान प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में मायड़ भाषा के प्रतिष्ठित साहित्यकार और पद्मश्री डॉ. कन्हैयालाल सेठिया द्वारा रचित गीत “धरती धोरा री” का गायन शामिल था।
राज्य स्तरीय समूह गान प्रतियोगिता में प्रदेश के 36 से अधिक जिलों के दलों ने हिस्सा लिया। सलूंबर जिले का दल विभिन्न वाद्य यंत्रों की तान और राजस्थान के गौरव को प्रदर्शित करने वाले गीत के माध्यम से निर्णायकों के सामने अपनी विशेष पहचान बनाई और द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले के गौरव को बढ़ाया।
इसी प्रतियोगिता में विचित्र वेशभूषा में प्रदर्शन करने वाले चेतन कुमार साहू ने पॉलिथीन के दुष्प्रभाव को उजागर करते हुए राज्य स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। जिले के विभिन्न शिक्षक संगठन और नागरिक सोशल मीडिया के माध्यम से दल को बधाई प्रेषित कर रहे हैं।
सलूंबर जिले का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन न केवल शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र में जिले की प्रतिष्ठा को बढ़ाता है, बल्कि भविष्य में शिक्षक प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक समर्पण का प्रतीक भी बन गया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
