सलूम्बर जिले के पहले जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया। कांग्रेस की पुष्पा कुमारी मीणा ने भाजपा की लीला देवी मीणा को 5 मतों से हराकर नवगठित सलूम्बर जिले की पहली जिला प्रमुख बनने का गौरव हासिल किया। पुष्पा मीणा को कुल 13 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी लीला देवी के खाते में 8 वोट आए। चुनाव परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं, क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं ने भाजपा के राजनीतिक समीकरणों पर सवाल खड़े कर दिए।

बुधवार सुबह जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा की ओर से लीला देवी मीणा, कांग्रेस की ओर से पुष्पा कुमारी मीणा, बीएपी से अनुराधा कटारा और निर्दलीय प्रत्याशी सोनल मीणा ने नामांकन दाखिल किया। नाम वापसी के दौरान निर्दलीय सोनल मीणा और बीएपी की अनुराधा कटारा ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद चुनावी मुकाबला सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच रह गया।

दोपहर 3 बजे मतदान शुरू होते ही चुनावी गतिविधियां तेज हो गईं। भाजपा अपने सदस्यों के साथ मतदान केंद्र पहुंची। इसी दौरान भाजपा की वार्ड संख्या 4 की सदस्य सोनल मीणा पिता से मिलने की मांग को लेकर भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। उनका रोता हुआ चेहरा और पिता से मिलने की गुहार चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन गई।

इसके बाद भाजपा सदस्यों ने मतदान किया। कांग्रेस के 8 सदस्यों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जबकि बीएपी के 4 सदस्यों ने मतदान के बाद एक बार फिर बाड़ेबंदी का रुख कर लिया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू हुई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा कुमारी मीणा को 13 और भाजपा प्रत्याशी लीला देवी मीणा को 8 मत मिले। इस तरह पुष्पा मीणा ने 5 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और सलूम्बर की पहली जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं।

चुनाव परिणाम के बाद क्रॉस वोटिंग का मुद्दा राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया। जिला परिषद चुनाव में भाजपा को 9, कांग्रेस को 8 और बीएपी को 4 सीटें मिली थीं। चुनाव से पहले कांग्रेस और बीएपी के बीच गठबंधन होने की चर्चाएं थीं। ऐसे में दोनों दलों की कुल सीटें 12 होती हैं, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा मीणा को 13 मत मिले। गठबंधन के संभावित आंकड़े से एक वोट अधिक मिलने के बाद भाजपा की ओर से क्रॉस वोटिंग होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

सलूम्बर के पहले जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की जीत के साथ ही जिला परिषद का नेतृत्व तय हो गया, लेकिन 13 मतों के आंकड़े ने राजनीतिक गलियारों में नए सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के बीच बने चुनावी समीकरणों को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर जारी है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story