विश्व जनसंख्या दिवस: सलूंबर को मिला राज्य में तीसरा स्थान, कलेक्टर ने रैली को दिखाई हरी झंडी
विश्व जनसंख्या दिवस पर सलूंबर जिले ने राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला कलेक्टर की मौजूदगी में परिवार नियोजन का संदेश देने वाली रैली निकाली गई। क्या है सलूंबर की इस सफलता के पीछे की खास वजह और प्रशासन का अगला कदम?

सलूंबर में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कार्मिक पोस्टर व बैनर के साथ रैली निकालते हुए।
सलूंबर जिले में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को परिवार कल्याण और जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने जिला मुख्यालय से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने परिवार नियोजन एवं स्वस्थ परिवार के संदेश वाले पोस्टर का विमोचन भी किया। जिला कलेक्टर ने कहा कि स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल समाज के निर्माण के लिए परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के बीच उचित अंतराल रखने के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की।
रैली के माध्यम से बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल, हम दो हमारे दो, लड़के की शादी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और लड़की की 18 वर्ष, शादी के बाद कम से कम दो वर्ष का अंतराल तथा एक बच्चे से दूसरे बच्चे के जन्म के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर जैसे महत्वपूर्ण संदेश आमजन तक पहुंचाए गए। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी. डी. मीणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र पुरी गोस्वामी, घनश्याम पंवार और राजकुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दोपहर 12 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय में राज्य स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन हुआ। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजस्थान सरकार और प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विश्व जनसंख्या दिवस के महत्व और जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रयासों पर संबोधित किया। कार्यक्रम में परिवार कल्याण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों और अधिकारियों को पुरस्कृत किया गया। सलूंबर जिले ने बच्चों के बीच उचित अंतराल को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग ने इसे जिले के स्वास्थ्य कार्मिकों, आशा सहयोगिनियों, एएनएम और समस्त स्वास्थ्य टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी परिवार कल्याण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
